Advertisement

अब घर बैठे मिलेगा FASTag लोकल पास... 121 टोल प्लाजा पर शुरू हुई नई सुविधा, जानें कैसे उठा सकते हैं फायदा!

NHAI ने 121 टोल प्लाजा पर डिजिटल FASTag लोकल पास की सुविधा शुरू कर दी है. अब 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र वाहन चालक राजमार्गयात्रा ऐप से घर बैठे आवेदन कर सकेंगे.

FASTag
आशुतोष मिश्रा
  • दिल्ली,
  • 19 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:32 AM IST

अगर आप किसी टोल प्लाजा के आसपास रहते हैं और रोजाना वहां से गुजरते हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने देशभर के 121 टोल प्लाजा पर डिजिटल FASTag लोकल पास की सुविधा शुरू कर दी है. अब पात्र स्थानीय वाहन चालक घर बैठे ऑनलाइन लोकल पास के लिए आवेदन कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें टोल प्लाजा के चक्कर लगाने और बार-बार दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी.

20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग होंगे पात्र
डिजिटल लोकल पास का लाभ उन वाहन चालकों को मिलेगा, जिनका पंजीकृत आवासीय पता संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में है. पात्र लोगों को नियमों के अनुसार एक महीने तक संबंधित टोल प्लाजा से असीमित यात्रा की सुविधा मिल सकेगी. पहले लोकल पास बनवाने के लिए लोगों को टोल प्लाजा पर जाकर पता और अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने पड़ते थे. अब आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया को डिजिटल किया जा रहा है.

राजमार्ग यात्रा ऐप से कर सकेंगे आवेदन
स्थानीय वाहन चालक राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल लोकल पास के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के दौरान DigiLocker और VAHAN जैसे सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म की मदद से आवेदक के पते, वाहन और FASTag से जुड़ी जानकारी का सत्यापन किया जाएगा. इसके अलावा GIS आधारित तकनीक से यह भी जांचा जाएगा कि आवेदक का पंजीकृत पता संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में आता है या नहीं.

जुलाई में दिल्ली से हुई थी शुरुआत
NHAI ने डिजिटल लोकल पास की सुविधा जुलाई 2026 में दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से शुरू की थी. यह टोल प्लाजा अर्बन एक्सटेंशन रोड-II पर स्थित है. शुरुआती चरण में सफलता मिलने के बाद अब इस सुविधा का विस्तार 121 टोल प्लाजा तक किया गया है. NHAI के अनुसार, आने वाले समय में इसे देश के अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा. इससे मैन्युअल दस्तावेजीकरण कम होगा और लोकल पास जारी करने की प्रक्रिया ज्यादा आसान, पारदर्शी और तेज होगी.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement