Rule Change 1st July: आधार-क्रेडिट कार्ड, रेलवे टिकट से लेकर LPG तक... 1 जुलाई से बदलेंगे ये 8 नियम, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर

New Rules from 1st July 2026: हर महीने की पहली तारीख को कई नियमों में बदलाव होता है. 1 जुलाई अगस्त 2025 से भी वित्तीय और गैर-वित्तीय सेवाएं से जुड़े कई अहम नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं. आइए जानते हैं इसका हमारी जेब पर कैसे सीधा असर पड़ेगा. 

New Rules from 1st July 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:56 AM IST

July Se Kaun Kaun Se Rule Change Ho Rahe Hain: साल 2026 के सातवें महीने की पहली तारीख यानी 1 जुलाई से वित्तीय और गैर-वित्तीय सेवाएं से जुड़े कई नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं. ये बदलाव सीधे हमारी जेब और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेंगे. 1 जुलाई से गैस सिलेंडरों की कीमतों में बदलाव हो सकता है. आधार मोबाइल ऐप के जरिए ई-मेल अपडेट की सुविधा, रेलवे टिकट से जुड़े नियम, एफडी की ब्याज दरों और अन्य बैंकिंग नियमों में बदलाव देखने को मिल सकते हैं. 

1. आधार कार्ड से जुड़ा नियम
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी यूआईडीएआई (UIDAI) 1 जुलाई 2026 से एक बड़ी राहत देने जा रही है. 1 जुलाई से आधार कार्ड में ई-मेल आईडी अपडेट कराना और आसान हो जाएगा. फिलहाल आधार में ईमेल आईडी अपडेट करने के लिए 75 रुपए (GST सहित) शुल्क लिया जाता है. 1 जुलाई 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ईमेल अपडेट कराने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा. इसका मतलब है कि यह सेवा पूरी तरह फ्री रहेगी. 

2. रेलवे यात्रियों के लिए बदलेगा नियम
इंडियन रेलवे अपनी सेवाओं को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सख्त कदम उठा रहा है. 1 जुलाई से बिना टिकट यात्रा करने पर लगने वाला जुर्माना 250 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपए तक किया जा सकता है. दूसरे के नाम पर टिकट लेकर यात्रा करना, ट्रेन में हंगामा करना, भीख मांगना या अवैध रूप से सामान बेचना भी आपको भारी जुर्माना लग सकता है. महिलाओं के लिए आरक्षित कोच या सीट पर यात्रा करने वाले पुरुषों पर 2500 रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. ट्रेन में प्रतिबंधित या खतरनाक सामान ले जाते हुए पकड़े जाने पर कम से कम 10000 रुपए का जुर्माना भरना पड़ सकता है. 

3. गैस सिलेंडर के दाम में हो सकता है बदलाव
सरकार हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमत (LPG Cylinder Price) में बदलाव करती है. एलपीजी के घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बदल जाते हैं. 1 जुलाई 2026 से कीमतों में संशोधन हो सकता है. गत जून में एलपीजी के दाम बढ़ाए गए थे. कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1 जून से 53.50 रुपये तक महंगा हो गया था. 5 किलो वाले एलपीजी गैस के दाम में 11 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई थी. सरकार ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में 29 रुपए की बढ़ोतरी की थी.

4. CNG, PNG और ATF के रेट
पेट्रोलियम विपणन कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाले एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) के साथ CNG (सीएनजी) और पीएनजी (PNG) के दामों में भी संशोधन करती है. 1 जुलाई 2026 को इनकी कीमतों में भी बदलाव देखा जा सकता है. ये बदलाव ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट पर असर डाल सकते हैं. सीएनजी की कीमतें घटने और बढ़ने से जहां वाहन पर होने वाले खर्च में इजाफा या राहत पहुंच सकता है तो वहीं, एटीएफ की कीमतों में बढ़ोतरी से हवाई यात्रा महंगी हो सकती है.

5. गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी
गैस कनेक्शन (LPG) की ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी करने की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है. यदि आप इस तारीख तक बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (ई-केवाईसी) पूरा नहीं करते हैं, तो आपकी गैस सब्सिडी रोकी जा सकती है.

6. क्रेडिट कार्ड नियम
एसबीआई 1 जुलाई 2026 से अपने कुछ क्रेडिट कार्डों के रिवॉर्ड पॉइंट नियमों में बदलाव करने जा रहा है. PhonePe SBI Credit Card PURPLE और PhonePe SBI Credit Card SELECT BLACK कार्डधारकों पर यह बदलाव लागू होगा. नए नियमों के तहत रिवॉर्ड पॉइंट कमाने की सीमा तय की जाएगी और कुछ अतिरिक्त प्रकार के लेनदेन पर रिवॉर्ड पॉइंट नहीं मिलेंगे. उधर, एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड का भी नियम बदल रहा है. जुलाई से HDFC बैंक रेगैलिया गोल्ड क्रेडिट कार्ड यूजर्स को घरेलू एयरपोर्ट लाउंज की निःशुल्क सुविधा जारी रखने के लिए तिमाही खर्च की नई सीमा पूरी करनी होगी. लाउंज के बढ़ते उपयोग के मद्देनजर, बैंकों द्वारा प्रीमियम कार्ड सुविधाओं को और सख्त बनाने का यह एक और प्रयास है. संशोधित नीति के तहत, रेगैलिया गोल्ड कार्ड के ग्राहकों को अगली तिमाही में मुफ्त घरेलू एयरपोर्ट लाउंज का लाभ उठाने के लिए पिछली तिमाही में कम से कम 60000 रुपए खर्च करने होंगे. इस बदलाव से उन ग्राहकों पर असर पड़ेगा जो कार्ड का इस्तेमाल मुख्य रूप से यात्रा संबंधी लाभों के लिए करते थे.

7. एफडी के नियमों में बदलाव
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने पिछले महीने एमपीसी बैठक के बाद कुछ बैंकों ने इंटरेस्ट रेट में बदलाव किए थे. जुलाई की शुरुआत के साथ फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से जुड़े नियमों और ब्याज दरों में बदलाव देखने को मिल सकता है. जुलाई से बैंक अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट ब्याज दरों की समीक्षा कर सकते हैं. यदि आप एफडी कराने की सोच रहे हैं तो अपने बैंक की नई ब्याज दरों को एक बार जरूर देख लें. 

8. बैंक हॉलिडे
साल 2026 के जुलाई महीने में बैंक 12 दिनों तक बंद रहने वाले हैं, जिसमें 6 सप्ताहिक अवकाश के कारण छुट्टी रहने वाली हैं. इसके अलावा, 6 छुट्टियां अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग वजहों के कारण रहने वाली हैं. मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा में ये अवकाश रहने वाले हैं.


 

Read more!

RECOMMENDED