Rule Change 1st September: साल 2026 का नौवां महीना सितंबर शुरू होने वाला है. हर महीने की पहली तारीख को कई नियमों में बदलाव होता है. इसका हमारी जेब पर सीधा असर पड़ता है. 1 सितंबर 2026 से भी वित्तीय और गैर-वित्तीय सेवाएं से जुड़े 11 अहम नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं. इन महत्वपूर्ण बदलावों को जानना आपके लिए बेहद जरूरी है. 1 सितंबर 2026 को गैस सिलेंडरों की कीमतों में बदलाव हो सकता है. ATM चार्ज महंगा हो सकता है. टाटा की कार के शौकीनों को महंगाई का झटका लग सकता है, क्योंकि इनकी कीमतों में बढ़ोतरी की जा सकती है. 1 सितंबर से बैंक FD के नियम भी बदल जाएंगे. 1 सितंबर से ईटीएफ कारोबार के नियम बदलेंगे, जिससे सोने और चांदी से जुड़े ईटीएफ में कारोबार का तरीका बदलेगा.
1. LPG सिलेंडर के दाम में हो सकता है बदलाव
ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमत में बदलाव करती हैं. एलपीजी के घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बदल जाते हैं. 1 सितंबर 2026 को कीमतों में संशोधन हो सकता है, जो रसोई के बजट पर सीधा असर डाल सकता है. आपको मालूम हो कि अगस्त माह की पहली तारीख को कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस की कीमतों में 202 रुपए की कटौती की थी, लेकिन 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर रखी गई थीं. अब सितंबर में घरेलू गैस के दाम बढ़ेंगे या कम होंगे या पुराने रेट पर ही मिलेंगे, इसका पता 1 सितंबर 2026 को कीमतें जारी होने के बाद चलेगा.
2. एलपीजी ई-केवाईसी का नियम
यदि आप चाहते हैं कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर कंपनी रेट पर मिलता रहे तो इसके लिए आधार आधारित बायोमीट्रिक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है. IOCL, BPCL, HPCL ने एलपीजी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के लिए डेडलाइन 23 अगस्त को बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 तक कर दिया था. यदि आप इस तारीख तक एलपीजी ई-केवाईसी नहीं करेंगे तो 1 सितंबर से आपको महंगी एलपीजी खरीदनी पड़ सकती है या फिर सिलेंडर पाने में दिक्कत हो सकती है.
3. CNG, PNG और ATF के रेट
पेट्रोलियम विपणन कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाले एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) के साथ CNG (सीएनजी) और पीएनजी (PNG) के दामों में भी संशोधन करती है. 1 सितंबर 2026 को इनकी कीमतों में भी बदलाव हो सकता है. ये बदलाव ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट पर असर डाल सकते हैं. सीएनजी की कीमतें घटने और बढ़ने से जहां वाहन पर होने वाले खर्च में इजाफा या राहत पहुंच सकता है तो वहीं, एटीएफ की कीमतों में बढ़ोतरी से हवाई यात्रा महंगी हो सकती है.
4. घरेलू PNG कनेक्शन
1 सितंबर 2026 से घरेलू पाइप वाली गैस यानी पीएनजी में भी बड़ा बदलाव होने वाला है. केंद्र सरकार ने घरेलू पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दी है. यह योजना 1 सितंबर 2026 से लागू होगी. नई योजना का उद्देश्य नए इलाकों में पीएनजी नेटवर्क बढ़ाना और ऐसे कनेक्शनों को चालू कराना है, जिनका अभी बिल नहीं बन रहा है.
5. टाटा की कारें हो जाएंगी महंगी
साल 2026 का सितंबर माह अपने पहले ही दिन कार के शौकीनों को बड़ा झटका देगा. दरअसल, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड 1 सितंबर 2026 से अपनी सभी कारों और एसयूवी की कीमतों में 25000 रुपए तक की बढ़ोतरी करने का पैसला किया है. कंपनी के अनुसार ये प्राइस हाइक ICE और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) दोनों पर लागू होगा. कीमतें मॉडलों और वेरिएंटों के हिसाब से अलग-अलग होगी. हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपनी कारों के दाम में इस साल की तीसरी बढ़ोतरी का ऐलान किया है.
6. विदेश यात्रा से जुड़ा बड़ा बदलाव
1 सितंबर 2026 से विदेश यात्रा से जुड़ा एक बड़ा बदलाव होने वाला है. भारत से विदेश जाने वाले यात्रियों को इमिग्रेशन काउंटर पर अब बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी. यात्री मोबाइल में इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर इमिग्रेशन प्रोसेस पूरा कर सकेंगे. आपको मालूम हो कि यात्रियों को इस नए नियम से हवाई यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
7. गोल्ड ईटीएफ में कीमत की सीमा बदल जाएगी
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने ईटीएफ (ETF) के लिए कीमत तय करने, कीमत की सीमा और शुरुआती कारोबार से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. ये बदलाव 1 सितंबर 2026 से लागू होंगे. नए नियमों के तहत ETF की कीमत की सीमा तय करने के लिए पिछले कारोबारी दिन के आखिरी 30 मिनट की कारोबार मात्रा के आधार पर निकाली गई औसत कीमत को आधार बनाया जाएगा. आपको मालूम हो कि इससे ईटीएफ की कारोबारी कीमत को बाजार की ताजा स्थिति के ज्यादा करीब रखने की कोशिश की गई है.
8. बैंक FD के नियम
1 सितंबर को बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट यानी एफडी (FD) की ब्याज दरों में भी बदलाव हो सकता है. ब्याज दर घटने पर नई FD कराने वाले ग्राहकों को पहले की तुलना में कम रिटर्न मिल सकता है. दरों में बढ़ोतरी होने पर निवेशकों की ब्याज आय बढ़ सकती है.
9. ATM चार्ज में हो सकता है बदलाव
1 सितंबर 2026 को ATM से जुड़े शुल्क में भी बदलाव की संभावना है. यदि बैंक या संबंधित संस्थाएं शुल्क में बदलाव करती हैं तो तय सीमा से अधिक ATM ट्रांजैक्शन करने वाले ग्राहकों के खर्च पर इसका असर पड़ सकता है. आपको मालूम हो कि यदि आपका स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में Basic Savings Bank Deposit (BSBD Account) है, तो 1 अक्टूबर 2026 से कैश निकालने के नियम आपके लिए बदलने वाले हैं.
10. डीमैट और म्यूचुअल फंड
नए सिंगल होल्डर डीमैट अकाउंट और म्यूचुअल फंड फोलियो में नॉमिनी की जानकारी देना अनिवार्य किया गया है.
11. इनकम टैक्स से जुड़ा नियम
यदि आपकी कमाई बिजनेस या किसी प्रोफेशन से होती है, तो इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरते समय सही फॉर्म चुनना जरूरी है. एसेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए जिन लोगों के खातों का ऑडिट जरूरी नहीं है, उन्हें 31 अगस्त 2026 तक रिटर्न फाइल करना है. ITR-4 यानी सुगम फॉर्म उन लोगों के लिए है, जो अनुमानित टैक्स योजना के तहत रिटर्न भरते हैं और कारोबार से आय 50 लाख रुपए तक है. ITR-3 फॉर्म उन लोगों के लिए है, जो ITR-4 के दायरे में नहीं आते, जैसे 50 लाख रुपए से ज्यादा आय, पूरे खाते रखने वाले या F&O ट्रेडिंग करने वाले लोग.