केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज 1 फरवरी को यूनियन बजट 2026 पेश करने जा रही हैं. बजट के चलते आज शेयर बाजार में एक खास व्यवस्था की गई है. आमतौर पर शनिवार और रविवार को बंद रहने वाला शेयर बाजार इस बार रविवार को भी खुला रहेगा. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में पूरे दिन ट्रेडिंग होगी.
यह पहली बार नहीं है जब बजट के कारण शेयर बाजार को छुट्टी वाले दिन खोला जा रहा हो. इससे पहले भी कई मौकों पर, जब 1 फरवरी को बजट पेश हुआ और उस दिन अवकाश रहा, तब निवेशकों के लिए ट्रेडिंग की खास व्यवस्था की गई थी.
सुबह 11 बजे पेश होगा केंद्रीय बजट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज ( 1 फरवरी 2026 ) सुबह 11 बजे लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026–27 पेश करेंगी. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की ओर से जारी सर्कुलर में बताया गया है कि बजट के दिन बाजार सामान्य समय के अनुसार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुले रहेंगे. हालांकि, यह दिन सेटलमेंट हॉलिडे होने के कारण कुछ पाबंदियां लागू रहेंगी.
सेटलमेंट हॉलिडे के चलते 30 जनवरी को खरीदे गए शेयर 1 फरवरी को बेचे नहीं जा सकेंगे. इसी तरह, बजट वाले दिन खरीदे गए शेयरों की बिक्री अगले ट्रेडिंग डे पर ही संभव होगी. निवेशकों को ट्रेडिंग से पहले इन नियमों का ध्यान रखने की सलाह दी गई है.