Budget 2026: हाईस्पीड रेल कॉरिडोर... शिप रेपियरिंग सेंटर... बजट में यूपी-बिहार को क्या-क्या मिला... यहां जानिए  

What is there for Uttar Pradesh-Bihar in Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश का आम बजट लोकसभा में पेश कर दिया है. आइए जानते हैं इस बजट में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को क्या-क्या सौगातें मिली हैं.  

Budget 2026 (Photo: PTI)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 01 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:28 PM IST

Union Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में वित्त वर्ष के लिए बजट (Budget) पेश कर दिया है. मोदी सरकार के बजट 2026 में उत्तर प्रदेश और बिहार को कई सौगातें दी गई हैं. सेंट्रल टैक्स में यूपी की हिस्सेदारी बढ़ी है. आइए जानते हैं इस बजट में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को क्या-क्या मिला है? 

पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को खास तवज्जो 
बजट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को तवज्जो दी गई है. बनारस से से दो बड़े हाईस्पीड रेल कॉरिडोर शुरू होंगे. बजट के तहत उत्तर प्रदेश को कुल 1500 किलोमीटर लंबाई के दो हाईस्पीड रेल कॉरिडोर मिले हैं. पहला कॉरिडोर दिल्ली से वाराणसी के बीच बनाया जाएगा, जबकि दूसरा कॉरिडोर वाराणसी से सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित है. इन परियोजनाओं से न सिर्फ यात्रा का समय घटेगा, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. वाराणसी और सिलीगुड़ी के बीच प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बिहार से होकर गुजरेगा, जिससे राज्य की रेल कनेक्टिविटी और व्यापार गतिविधियों को सीधा फायदा होगा.

शिप रेपियरिंग सेंटर का तोहफ
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में बिहार की राजधानी पटना और पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में पानी के जहाजों की मरम्मत के लिए शिप रिपेयरिंग पोर्ट बनाने का ऐलान किया है. इससे जलमार्गों पर चलने वाले जहाजों और कार्गो वेसल्स के लिए लोकल रिपेयर, मेंटेनेंस और टेक्निकल सर्विस मिलेंगी. इसके साथ ही काशी में परिवहन पोर्ट भी विकसित किए जाएंगे. इससे जलमार्ग के जरिए व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. जलमार्गों के इस्तेमाल के लिए स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम भी शुरू किए जाएंगे.

नए जलमार्गों से होगा फायदा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में बताया कि अगले पांच सालों में देश भर में 20 नए जलमार्ग शुरू करने का लक्ष्य रखा है. इसकी शुरुआत ओडिशा में नेशनल वॉटरवे-5 से होगी, जो तलचर, अंगुल और कलिंगनगर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को पारादीप और धामरा बंदरगाहों से जोड़ेगा. इससे बिहार को भी अप्रत्यक्ष रूप से फायदा होगा, क्योंकि इससे पूर्वी भारत में लॉजिस्टिक्स और माल ढुलाई मजबूत होगी.

सभी जिलों में गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा
मोदी सरकार ने महिला कल्याण और शिक्षा को ध्यान में रखते हुए यूपी के सभी 75 जिलों में एक-एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा की है. इससे उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर पढ़ने वाली छात्राओं को सुरक्षित आवास की सुविधा मिलेगी. बिहार में गर्ल्स हॉस्टल खोले जाएंगे. बजट 2026 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश को नया आयुर्वेदिक एम्स की सौगात मिली है.

सारनाथ और हस्तिनापुर पर विशेष ध्यान
वाराणसी के पास स्थित सारनाथ और मेरठ के पास स्थित हस्तिनापुर को प्रमुख सांस्कृतिक/धार्मिक स्थलों के रूप में विकसित करने का ऐलान बजट 2026 में किया गया है. सारनाथ में बौद्ध विरासत पर फोकस किया जाएगा. महाभारत काल की पांडवों की राजधानी के रूप में विख्यात हस्तिनापुर का विकास होगा.

सेमीकंडक्टर 2.0 की शुरुआत
पांच लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों के इंफ्रास्ट्रक्चर को 12.2 लाख करोड़ रुपए से विकसित करने की योजना है. इस श्रेणी में लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर समेत यूपी के 25 शहर शामिल बताए जा रहे हैं. इसके अलावा छोटे तीर्थ स्थलों को भी विकसित किया जाएगा. मोदी सरकार ने सेमीकंडक्टर 2.0 की शुरुआत की है. नोएडा में बन रहे सेमीकंडक्टर पार्क से यूपी को बड़ा फायदा मिलने की संभावना है. इससे हजारों रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं. कंटेनर निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश को 10 हजार करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है.

यूपी के सभी जिलों में इमरजेंसी और ट्रामा सेंटर खोलने की योजना 
यूपी के जिला अस्पतालों की क्षमता 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव है. इसके साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में इमरजेंसी और ट्रामा सेंटर खोलने की योजना बनाई गई है, जिससे गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा. महात्मा गांधी हैंडलूम योजना लागू होगी. एक जिला, एक उत्पाद को फायदा मिलेगा. यूपी से ही इसकी शुरुआत हुई थी. जिसके बाद देश में इसे लागू किया गया है. चमड़े से बने सामान सस्ते होंगे. जिसका फायदा यूपी के दो शहरों कानपुर और आगरा की चमड़ा फैक्ट्रियों को होगा.


 

Read more!

RECOMMENDED