Advertisement

Bank से FD के बदले लिया लोन? लेकिन नहीं जमा कर पाए किस्त... अब बैंक क्या करेगा FD का, कहीं खा तो नहीं जाएगा पैसा?

अक्सर कई लोग बैंक में अपनी एफडी को गिरवी रख लोन ले लेते हैं. लेकिन अगर वह लोन नहीं चुका पाते, तो बैंक लोन की रिकवरी के लिए क्या एफडी का पैसा रख सकता है?

​​​​​​​Fixed Deposit
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 24 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:37 AM IST

फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में जमा पैसा जरूरत के समय काफी काम आता है. कई बार लोग अपनी FD को तुड़वाने के बजाय उसके बदले बैंक से लोन ले लेते हैं. इससे जमा रकम पर ब्याज मिलता रहता है और पैसों की जरूरत भी पूरी हो जाती है. लेकिन अगर कोई FD पर लिया गया लोन समय पर नहीं चुकाता है, तो उसे आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है. कुछ लोगों के मन में सवाल आएगा कि अगर हम लोन नहीं चुका रहे तो क्या एफडी पर असर पड़ेगा. अगर आप भी ऐसा सोचते हैं, तो ठीक सोचते हैं. ऐसी स्थिति में बैंक आपकी FD से बकाया रकम वसूल सकता है. चलिए पूरी ए-टू-जे बताते हैं

FD पर लोन कैसे मिलता है?

जब किसी व्यक्ति को अचानक पैसों की जरूरत होती है, तो वह अपनी FD के बदले बैंक से लोन ले सकता है. इसमें FD बैंक के पास गिरवी के रूप में रखी जाती है. लोन लेने वाले व्यक्ति को शर्तों के अनुसार रकम और ब्याज दोनों चुकाना होता है. FD पर लोन लेना आसान हो सकता है, लेकिन समय पर उसे चुकाना भी उतना ही जरूरी है.

लोन नहीं चुकाने पर बैंक क्या करता है?

अगर कोई व्यक्ति समय पर लोन की रकम नहीं चुकाता है, तो बैंक सबसे पहले उसे मैसेज, ईमेल या नोटिस के जरिए पेमेंट की याद दिलाता है. इसके बाद भी बकाया रकम नहीं चुकाने पर बैंक आगे की कार्रवाई कर सकता है.

साथ ही लोन की शर्तों के अनुसार, बैंक आपकी FD को समय से पहले बंद करके उससे बकाया लोन, ब्याज और लागू चार्ज की रकम वसूल सकता है. इसलिए लोन लेने से पहले उसके सभी नियमों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है.

FD की रकम का क्या होगा?

लोन नहीं चुकाने पर FD से बैंक अपना बकाया पैसा वसूल सकता है. इसके बाद अगर कुछ रकम बचती है, तो बैंक उसे आपको वापस कर देगा. मान लीजिए आपकी FD में 1 लाख रुपये जमा हैं और लोन का बकाया 80 हजार रुपये है. अगर ब्याज और अन्य चार्ज मिलाकर बैंक 85 हजार रुपये वसूलता है, तो बाकी 15 हजार रुपये आपको मिल सकते हैं.

लेकिन अगर FD से मिलने वाली रकम लोन चुकाने के लिए कम पड़ जाती है, तो बची हुई रकम चुकाने की जिम्मेदारी भी आपकी हो सकती है. यानी FD को गिरवी रखने से आपकी जिम्मेदारी केवल FD की रकम तक सीमित नहीं हो जाती.

लोन लेने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

FD पर लोन लेने से पहले ब्याज दर, भुगतान की तारीख और लोन नहीं चुकाने पर होने वाली कार्रवाई के बारे में जरूर जानें. अगर किसी महीने भुगतान करने में परेशानी हो रही है, तो बैंक से पहले ही संपर्क करें. समय पर बात करने से भुगतान के दूसरे विकल्पों पर चर्चा करने में मदद मिल सकती है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement