NDA 3.0 Budget: देश के लोगों की नजरें बजट 2026 (Budget 2026) पर टिकी हुई हैं. देशवासी जानना चाहते हैं आखिर मोदी सरकार इस बार बजट में क्या सस्ता करने वाली है और क्या महंगा? वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी 2026 को देश का आम बजट पेश करेंगी.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार आठ बार लोकसभा में बजट पेश कर चुकी हैं और अब वह नौवीं बार बजट पेश करने के लिए तैयार हैं. पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA 3.0 सरकार का यह तीसरा पूर्ण बजट होगा. आइए जानते हैं किसने पेश किया है सबसे अधिक बार बजट, किसके नाम लंबे बजट भाषण का रिकॉर्ड है और किस मामले में निर्मला सीतारमण अभी तक के सभी वित्त मंत्रियों में आगे हैं?
निर्मला सीतारमण के नाम जुड़ेगी यह उपलब्धि
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जब 1 फरवरी 2026 को लोकसभा में बजट पेश करेंगी तो उनके नाम एक खास उपलब्धि जुड़ जाएगी. दरअसल, वह मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान लगातार 9वीं बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड बनाएंगी. इससे पहले किसी भी वित्त मंत्री ने एक ही प्रधानमंत्री के कार्यकाल में इतने बजट लगातार पेश नहीं किए हैं. आपको मालूम हो कि सबसे अधिक बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड मोरारजी देसाई के नाम है. वह वित्त मंत्री रहते 10 बार बजट पेश कर चुके हैं.
मोरारजी देसाई ने 1959 से 1964 के बीच वित्त मंत्री के रूप में 6 बजट और 1967 से 1969 के बीच 4 बजट पेश किए थे. मोरारजी देसाई ने प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पीएम लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकाल में वित्त मंत्री रहते हुए 10 बजट पेश किए थे. इस बार बजट पेश कर निर्मला सीतारमण जहां मोरारजी देसाई के काफी करीब पहुंच जाएंगी तो वहीं उनके नाम लगातार नौ बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा. पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने भी नौ बार बजट पेश किए हैं, लेकिन ये अलग-अलग प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में पेश किए गए थे. प्रणब मुखर्जी ने वित्त मंत्री रहते हुए अलग-अलग प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में 8 बजट पेश किए थे. इससे पहले पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने भी नौ बार बजट पेश किया है, लेकिन ये अलग-अलग प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में पेश किए गए थे. वहीं पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी वित्त मंत्री के तौर पर अलग-अलग प्रधानमंत्रियों के कार्यकाल में आठ बजट पेश किए थे. मनमोहन सिंह ने 1991 से 1995 के बीच वित्त मंत्री रहते हुए लगातार 5 बजट पेश किए थे.
निर्मला सीतारमण के नाम है यह रिकॉर्ड
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम सबसे लंबा बजट भाषण देने का रिकॉर्ड है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2020 को बजट पेश करने के दौरान 2 घंटे 42 मिनट तक भाषण दिया था. इस तरह से निर्मला सीतारमण ने बजट 2019 में दिए गए 2 घंटे 17 मिनट के अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था. निर्मला सीतारमण से पहले सबसे लंबे बजट भाषण का रिकॉर्ड वित्त मंत्री जसवंत सिंह के नाम था.
उन्होंने 2003 में 2 घंटे 13 मिनट लंबा बजट भाषण दिया था. वित्त मंत्री रहते हुए अरुण जेटली ने साल 2014 में 2 घंटे 10 मिनट का बजट भाषण दिया था. मनमोहन सिंह ने 1991 में शब्दों की संख्या के आधार पर सबसे लंबा बजट भाषण दिया था. उनके बजट भाषण में लगभग 18700 शब्द थे. सबसे छोटा बजट भाषण 1977 में हीरूभाई एम पटेल ने दिया था. उन्होंने सिर्फ 800 शब्दों का अंतरिम बजट भाषण दिया था. सबसे छोटा पूर्ण बजट भाषण वाईबी चह्वाण के नाम दर्ज हैं, जिनके बजट भाषण में करीब 9300 शब्द थे.
सबसे लंबे बजट भाषण का रिकॉर्ड
1. 2 घंटा 42 मिनट: निर्मला सीतारमण, बजट 2020
2. 2 घंटा 19 मिनट: निर्मला सीतारमण, बजट 2019
3. 2 घंटा 13 मिनट: जसवंत सिंह, बजट 2003
4. 2 घंटा 10 मिनट: अरुण जेटली, बजट 2014
कब पेश हुआ था देश का पहला बजट
भारत में पहला बजट ब्रिटिश शासन के दौरान 7 अप्रैल 1860 को पेश किया गया था. इसे ब्रिटिश सरकार में वित्त मंत्री जेम्स विल्सन ने पेश किया था. देश की आजादी के बाद पहला बजट वित्त मंत्री आर के शनमुखम चेट्टी ने 26 नवंबर 1947 को पेश किया था. बजट पहले शाम 5 बजे पेश किया जाता है लेकिन साल 1999 के बाद इसे सुबह 11 बजे पेश किया जाने लगा. आजादी के बाद से लेकर साल 2016 तक बजट हर साल 28 फरवरी को पेश किया जाता था लेकिन 2017 में बजट की तारीख बदलकर 1 फरवरी कर दी गई. उसके बाद से 1 फरवरी को बजट पेश किया जाता है.