मध्य प्रदेश के बागसेवनिया इलाके में कोचिंग में पढ़ने गए पांचवीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर कोचिंग शिक्षक ने छात्र को थप्पड़ मारे. शाम को बच्चा जब घर पहुंचा तो उसके गाल और कान पर चोट के निशान देखकर मां ने पूरी घटना पूछी.
बच्चे के गाल और कान पर चोट के निशान
बच्चे ने कोचिंग शिक्षक द्वारा पिटाई किए जाने बात बताई. इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर बागसेवनिया थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के मुताबिक साकेत नगर निवासी 40 वर्षीय महिला अपने पति और पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे मुदित देशमुख के साथ थाने पहुंची थी. मां ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा कृष्णा आर्केड, ओंडोर के सामने स्थित एडिक्सन क्लासेस में राहुल गौर सर से कोचिंग पढ़ता है. परिजनों के अनुसार, कोचिंग से लौटते समय वैन चालक ने उन्हें बताया कि बच्चे के साथ कोचिंग में मारपीट की गई है. घर पहुंचने पर मां ने बेटे के बाएं गाल और कान पर चोट के निशान देखे. पूछताछ करने पर बच्चे ने बताया कि होमवर्क नहीं करने पर राहुल सर ने उसकी पिटाई की. बच्चे ने पुलिस को भी बताया कि उसे राहुल सर ने मारा है. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी राहुल गौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
मां ने लगाए गंभीर आरोप
बच्चे की मां शिवानी देशमुख ने बताया कि उन्हें वैन चालक से बेटे को पीटे जाने की जानकारी मिली थी. इसके बाद उन्होंने बच्चे से पूछा तो उसने कोचिंग शिक्षक द्वारा मारपीट किए जाने की बात बताई. पांचवीं कक्षा के छात्र मुदित देशमुख ने बताया कि होमवर्क को लेकर राहुल सर ने उसके साथ मारपीट की. बच्चे के चेहरे और कान पर चोट के निशान मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा. आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि होमवर्क नहीं करने पर बच्चे के साथ मारपीट की शिकायत मिली है. बच्चे के माता-पिता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. आरोपी राहुल गौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.