scorecardresearch

University Rangoli: यूनिवर्सिटी के छात्रों का कमाल, रंगोली से 100 फीट पर उकेरी 'विकसित भारत' की तस्वीर

झांसी स्थित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स विभाग के 80 छात्रों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत 100 फीट से अधिक क्षेत्र में एक विशाल रंगोली बनाई. 30 घंटे की कड़ी मेहनत से तैयार इस रंगोली में भारत सरकार की योजनाओं के माध्यम से 'विकसित भारत 2047' के सपने को दर्शाया गया है.

Advertisement
100 फीट के एरिया में छात्रों ने बनाई रंगोली 100 फीट के एरिया में छात्रों ने बनाई रंगोली

यूपी के झांसी में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भारत सरकार की योजनाओं को एक साथ रंगोली के जरिए दर्शाने का पहली बार अनोखा प्रयास किया गया है. फाइन आर्ट्स डिपार्टमेंट के 80 स्टूडेंट्स ने रंगोली के रंगों से 100 फीट से अधिक एरिया में विकसित भारत की ऐसी तस्वीर तैयार की है, जिसे देखकर लोग दंग रह गए. इसके जरिए भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का देश के विकास में योगदान दिखाने की कोशिश की गई है. इस पूरी रंगोली को विद्यार्थियों ने करीब 30 घंटे में बनाकर तैयार किया है.

सेवा संकल्प अभियान के तहत बनाई गई रंगोली
सैंड और पेंट्स से बनी तस्वीरें तो अक्सर देखने को मिलती हैं, लेकिन झांसी में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स स्टूडेंट्स ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रंगोली के रंगों से विकसित भारत की आकर्षक रंगोली तैयार की है. इसमें विद्यार्थियों ने भारत सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं को पूरी तरह उकेरने का प्रयास किया है. यही वजह है कि यह रंगोली लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

80 छात्रों और तीन टीचर्स ने मिलकर किया तैयार
विभाग की हेड डॉ. श्वेता पांडे ने बताया कि इस रंगोली को 80 स्टूडेंट्स ने तीन टीचर्स की मदद से बनाया है. इसे तैयार करने में करीब 30 घंटे लगे हैं. विद्यार्थियों ने 100 फीट से ज्यादा एरिया को कवर किया है. रंगोली में देश की महत्वपूर्ण योजनाओं का जिक्र करते हुए समृद्ध भारत और विकसित भारत में उनके योगदान को दर्शाया गया है.

डॉ. श्वेता पांडे ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भारत सरकार की योजनाओं की तस्वीरें बनाकर विकसित भारत की कहानी बताने का प्रयास किया गया है. उनके मुताबिक, इस रंगोली को बनाने में कुल 80 विद्यार्थियों की टीम लगी और इसका साइज 100 फीट से अधिक है. उन्होंने इसे विद्यार्थियों का काफी अनोखा प्रयास बताया.

5 टीमों में बंटकर छात्रों ने बनाई रंगोली
छात्रा काजल ने बताया कि कुल 80 लोग इस काम में शामिल थे और करीब 30 घंटे में रंगोली बनकर तैयार हुई. तीन टीचर्स ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया. सभी छात्रों को 5 टीमों में डिवाइड किया गया था और सभी ने मिलकर इसे तैयार किया. जहां भी कोई कमी हुई, वहां टीचर ने आकर उसे बताया. काजल के मुताबिक, इतनी बड़ी रंगोली उन्होंने पहली बार बनाई है. इसे बनाते समय कई बार रंगोली बिगड़ी और कई बार उसे दोबारा बनाया गया. आखिरकार अब यह फाइनल बनकर तैयार हो गई है. इसमें सरकार की अधिक से अधिक योजनाओं को दिखाने का प्रयास किया गया है.

छात्रों ने बताया अपना पहला प्रयास
छात्र नरेश ने कहा कि रंगोली के माध्यम से सभी ने सरकार की योजनाओं को दिखाने का प्रयास किया. यह उनका पहला प्रयास था, जिसमें सभी सफल हुए. वहीं, शिवानी ने बताया कि उनके पास इसे तैयार करने के लिए निर्धारित समय था. सभी ने मिलकर कोशिश की और सभी में इसे कर दिखाने का जुनून था. उन्होंने कहा कि इस रंगोली के जरिए 2047 विकसित भारत के सपने को दर्शाने का प्रयास किया गया है.
 

ये भी पढ़ें