पिता दिल्ली में करते हैं सिलाई का काम, अभाव में ऑनलाइन पढ़ाई कर टॉपर बनी नसरीन

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा के नतीजे आ गए हैं. आर्ट्स स्ट्रीम में बगहा की नसरीन ने तीसरा स्थान हासिल किया है. नसरीन को 477 अंक के साथ 95.40 फीसदी अंक मिले हैं. नसरीन के पिता दिल्ली में सिलाई का काम करते हैं. नसरीन ने गांव के स्कूल से ही पढ़ाई की है.

Nasreen
gnttv.com
  • बगहा,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 4:24 PM IST

हौसले बुलंद हो तो मंजिल खुद राह दिखाने लगती है. हौसले को गरीबी नहीं रोक सकती. बिहार के बगहा की बेटी नसरीन परवीन ने इसे सच साबित कर दिखाया. नसरीन ने बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में 477 अंक हासिल किया और आर्ट्स में पूरे बिहार में तीसरा स्थान प्राप्त किया है. इतना ही नहीं, नसरीन ने उत्तर बिहार में वह पहला स्थान हासिल किया है.

पिता दिल्ली में करते हैं सिलाई का काम-
पश्चिम चम्पारण जिले के बगहा-2 प्रखंड के छोटे से गांव बोरवल नरवल की रहने वाली नसरीन की सफलता की कहानी जितनी बड़ी है, संघर्ष उतना ही गहरा है. एक साधारण परिवार की इस बेटी के पिता अब्दुल्लाह अंसारी दिल्ली में सिलाई का काम कर परिवार चलाते हैं. घर में एक भाई और चार बहनों के बीच पली-बढ़ी नसरीन ने अभावों को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया.

ऑनलाइन पढ़ाई करके हासिल की सफलता-
नसरीन ने गांव के ही स्कूल से पढ़ाई की और घर पर रहकर, सीमित संसाधनों में ऑनलाइन पढ़ाई करते हुए अपने सपनों को जिंदा रखा. कई बार हालात ऐसे रहे, जब पढ़ाई और जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाना मुश्किल था, लेकिन उसने हार नहीं मानी.

जब रिजल्ट आया, तो पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई. जिस घर में कभी चुप्पी और संघर्ष था, वहां आज जश्न है, मिठाइयां बांटी जा रही हैं और हर आंख में गर्व के आंसू हैं. 

सरकारी वकील बनना चाहती हैं नसरीन-
मां रुबैदा खातून की आंखें खुशी से नम हैं. वो कहती हैं कि हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारी बेटी इतना बड़ा नाम करेगी. नसरीन की सोच सिर्फ खुद तक सीमित नहीं है. वह आगे चलकर सरकारी वकील बनना चाहती है, ताकि समाज के गरीब और कमजोर लोगों को न्याय दिला सके.

नसरीन ने कहा कि बेटियों को मौका दीजिए, वे भी परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकती हैं. आज नसरीन सिर्फ एक टॉपर नहीं, बल्कि उन लाखों बेटियों की उम्मीद बन गई है, जो मुश्किल हालात में भी अपने सपनों को जिंदा रखे हुए हैं.

(अभिषेक पांडेय की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED