फाइनल मेरिट सूची के अनुसार 70वें BPSC परीक्षा में श्रद्धा पांडे ने 593 अंक हासिल कर परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है. वहीं शशांक गौरव 592 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं, जबकि आयुष बिजॉय ने भी 592 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया है. टॉपर्स की इस सफलता ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नई प्रेरणा पैदा की है.
इस भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 23 सितंबर 2024 को जारी अधिसूचना से हुई थी. 27 सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए थे. परीक्षा को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और परीक्षा के लिए करीब 4.83 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. प्रारंभिक परीक्षा 13 दिसंबर 2024 को आयोजित की गई थी. हालांकि पटना के एक परीक्षा केंद्र पर गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद आयोग ने 4 जनवरी 2025 को पुनर्परीक्षा भी कराई. प्रथम चरण में कुल 3.28 लाख अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए थे.
प्रीलिम्स से इंटरव्यू तक का लंबा सफर
23 जनवरी 2025 को घोषित प्रारंभिक परीक्षा परिणाम में 21,581 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित हुए. इसके बाद 25 से 30 अप्रैल 2025 के बीच पटना में मुख्य परीक्षा आयोजित की गई. मुख्य परीक्षा के बाद 5,449 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया. आयोग ने इस बार इंटरव्यू प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की. इंटरव्यू बोर्ड को उम्मीदवारों की व्यक्तिगत जानकारी नहीं दी गई और केवल कोड नंबर के आधार पर मूल्यांकन किया गया. साथ ही लॉटरी सिस्टम और ब्लाइंड असेसमेंट प्रक्रिया भी अपनाई गई.
महिलाओं ने भी दिखाया दम
फाइनल चयन सूची में कुल 2,027 उम्मीदवारों का चयन हुआ है. इनमें 1,282 पुरुष और 745 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं. महिलाओं का प्रदर्शन इस बार खास तौर पर चर्चा में रहा. अंतिम मेरिट सूची के टॉप-20 में 10 महिलाओं ने जगह बनाई, जबकि टॉप-50 में 25 महिला उम्मीदवार शामिल रहीं. इससे साफ है कि प्रशासनिक सेवाओं की दौड़ में महिलाएं लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं.
विभिन्न वर्गों से हुआ चयन
चयनित अभ्यर्थियों में अनारक्षित वर्ग से 843, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) से 194, पिछड़ा वर्ग (oBC) से 259, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) से 335, अनुसूचित जाति (SC) से 316 और अनुसूचित जनजाति (ST) से 21 उम्मीदवार सफल हुए हैं. इसके अलावा 0BC महिला वर्ग से 59, दिव्यांग कोटा से 61 और स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटा से 36 उम्मीदवारों का चयन किया गया है.
अब शुरू होगी नई प्रशासनिक पारी
चयनित 2,027 अभ्यर्थियों के नाम संबंधित विभागों को नियुक्ति के लिए भेजे जाएंगे. इसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी कर नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे. वहीं श्रद्धा पांडे समेत इस साल के टॉपर्स अब उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं, जो आने वाले वर्षों में BPSC जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता का सपना देख रहे हैं.
ये भी पढ़ें