Advertisement

IIT प्लेसमेंट सीजन का शानदार आगाज, छात्रों को मिल रहीं ज्यादा नौकरियां, आईआईटी-रुड़की में 11 छात्रों को मिला एक करोड़ से ज्यादा का पैकेज

आईआईटी में बुधवार को प्लेसमेंट सीजन 2021 की शानदार शुरूआत हुई.  इनमें कई संस्थानों ने पिछले साल के मुकाबले हाई सैलेरी पैकेज के साथ ज्यादा छात्रों को प्लेसमेंट मिलने की जानकारी दी है.आईआईटी संस्थानों के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, एक्सेंटर, क्वालकॉम, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, जेपी मॉर्गन चेस एंड कंपनी, मैकेंजी और गोल्डमैन सैक्स जैसी कंपनियों ने इस प्लेसमेंट सीजन में अच्छे ऑफर दिए हैं.

IIT दिल्ली
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 दिसंबर 2021,
  • अपडेटेड 8:02 AM IST
  • माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, एक्सेंटर, मैकेंजी जैसी कंपनियों ने प्लेसमेंट में अच्छे ऑफर दिए हैं.
  • आईआईटी-मंडी ने मिलने वाले पैकेज में 16 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में बुधवार को प्लेसमेंट सीजन 2021 की शानदार शुरूआत हुई.  इनमें कई संस्थानों ने पिछले साल के मुकाबले हाई सैलेरी पैकेज के साथ ज्यादा छात्रों को प्लेसमेंट मिलने की जानकारी दी है.आईआईटी संस्थानों के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, एक्सेंटर, क्वालकॉम, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, जेपी मॉर्गन चेस एंड कंपनी, मैकेंजी और गोल्डमैन सैक्स जैसी कंपनियों ने इस प्लेसमेंट सीजन में अच्छे ऑफर दिए हैं. कोरोना को देखते हुए ज्यादातर आईआईटी इस साल भी अपना प्लेसमेंट प्रोसेस ऑनलाइन  करा रहा है. प्लेसमेंट का सेशन 15-20 दिसंबर  तक चलने की उम्मीद है. 

आईआईटी-मद्रास ने बताया कि उसे पिछले साल की तुलना में पहले दिन 43 प्रतिशत ज्यादा कंपनियों से प्लेसमेंट के ऑफर मिले, आईआईटी-मंडी ने अपने छात्रों को मिलने वाले औसत वेतन पैकेज में 16 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की. रुड़की और गुवाहाटी आईआईटी से भी इसी तरह के रुझान सामने आए हैं. आईआईटी-मद्रास की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि संस्थान को प्लेसमेंट के पहले दिन के पहले चरण में 34 कंपनियों से रिकॉर्ड 176 ऑफर मिले थे, जो पिछले साल पहले दिन की मुकाबले 43 प्रतिशत ज्यादा है. आईआईटी-दिल्ली का डेटा  अभी तक नहीं आया है. 

आईआईटी-मंडी

आईआईटी-मंडी के अधिकारियों ने कहा कि उनके छात्रों को मिलने वाले औसत वेतन पैकेज में 16 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दिखी है और पिछले साल की तुलना में मैक्सिमम वेतन 9 प्रतिशत बढ़ा है. संस्थान का कहना है, ‘आईआईटी-मंडी की प्लेसमेंट प्रक्रिया पूरी तरह वर्चुअल मोड में शुरू हुई है, जिसमें 1 दिसंबर तक रिक्रूटर्स की 166 प्रस्ताव दिए गए और 137 छात्रों को प्लेसमेंट मिल गया. प्लेसमेंट का पहला चरण अक्टूबर से शुरू हुआ था और दिसंबर  तक चलेगा, जिसमें (अब तक) 102 कंपनियां हिस्सा ले चुकी है.’ संस्थान के प्लेसमेंट प्रोसेस में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, सैमसंग बेंगलुरु, एडोब, वॉलमार्ट, स्प्रिंकलर, पेटीएम, अमेजन, इंडीड, कैशफ्री, नेफरेंस, फ्लिपकार्ट, माइंडटिकल, टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स, एनवीडिया, क्वालकॉम, सेरेमॉर्फिक, एडवर्ब, एलएंडटी, जेडएस, डेलॉइट, विस्काडिया, कैपजेमिनी, केपीएमजी, टीसीएस, रिलायंस जियो और एलटीई जैसी शीर्ष कंपनियों ने हिस्सा लिया है.

प्लेसमेंट में आय तेजी एक बेंचमार्क है- करियर एंड प्लेसमेंट सेल सलाहकार तुषार जैन

आईआईटी-मंडी के करियर एंड प्लेसमेंट सेल में सलाहकार तुषार जैन ने कहा, ‘आईआईटी-मंडी की मौजूदा प्लेसमेंट ड्राइव को पिछले सालों के मुकाबले  एक बेंचमार्क माना जा सकता है. इस दौरान संस्थान ने प्लेसमेंट के प्रस्तावों के साथ-साथ अलग-अलग कंपनियों की भागीदारी में भी खासी बढ़ोत्तरी देखी है, जो प्रैक्टिकल-बेस्ड और उद्योग-आधारित पाठ्यक्रम की बदौलत  मुमकिन हो पाया है. ’संस्थान को इस साल एक्सेंटर, एन्जॉय एलएलसी और वेदर न्यूज और जापान के कुछ रिक्रूटर्स के अलवा दूसरी कंपनियों से 51 प्री-प्लेसमेंट ऑफर और सात इंटरनेशनल ऑफर मिले हैं.

आईआईटी-रुड़की

आईआईटी-रुड़की में घरेलू पैकैज 80 लाख से बढ़ कर 1.8 करोड़ रुपये हो गया है. सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय पैकेज की पेशकश इस साल 69.05 लाख रुपये से बढ़कर 2.15 करोड़ रुपये हर साल हो गई है. संस्थान ने बताया कि उनके 11 छात्रों को एक करोड़ रुपये से ज्यादा  का वेतन पैकेज मिला है और पहले दिन 13 छात्रों को इंटरनेशनल प्लेसमेंट मिला.

कोविड के बाद बाजार में आए बदलाव का रखा गया पूरा ध्यान

आईआईटी-रुड़की में प्लेसमेंट एंड इंटर्नशिप सेल के प्रभारी प्रोफेसर विनय शर्मा ने बताया कि संस्थान ने कोविड के बाद बाजार की नई स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपने प्लेसमेंट सीजन की रणनीति को बदल दिया है.उन्होंने कहा, ‘महामारी ने प्लेसमेंट का तौर तरीका पूरी तरह से बदल दिया है. इसे ध्यान में रखकर ही हमने इस प्लेसमेंट सीजन के लिए अपनी रणनीति बनाई, जिसमें हमने एआई, सॉफ्टवेयर, नेटवर्किंग, एनालिटिक्स, ई-कॉमर्स, एफएमसीजी, क्वांट्स, फाइनेंस, मैन्युफैक्चरिंग और अन्य संबंधित क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ कंपनियों के साथ समझौता किया, जिसमें कोर सेक्टर पर ज्यादा गंभीरता से ध्यान दिया गया.’

उन्होंने कहा, ‘हमने दुनियाभर में आर्थिक विकास का गहराई से विश्लेषण किया और हमारी टीम की तरफ से लगाए गए पूर्वानुमान के आधार पर तेजी से बढ़ती स्थापित फर्मों के साथ संपर्क  किया. ऐसी ही रणनीतियों के साथ हम अंतरराष्ट्रीय के साथ-साथ घरेलू प्रस्तावों के मामले में भी अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब रहे.’

आईआईटी-गुवाहाटी

आईआईटी-गुवाहाटी ने बताया कि, पिछले साल प्लेसमेंट सीजन के पहले दिन मिले कुल 158 प्रस्तावों की तुलना में इस बार पहले दिन के फर्स्ट हाफ में ही 200 छात्रों को नौकरी के प्रस्ताव मिले. संस्थान की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, ‘सीजन-1 के अंत में 1.1 करोड़ रुपये से अधिक के कई घरेलू प्रस्ताव और 2 करोड़ रुपये का एक अंतरराष्ट्रीय प्रस्ताव मिला. इस साल पहले दिन के सत्र के बड़े नियोक्ताओं में उबर, जेपी मॉर्गन चेस, शुल्मबागा, ग्रेविटन, माइक्रोसॉफ्ट, एप्पल, गूगल, टेक्सास इंस्ट्रूमेंट, बजाज, क्वालकॉम, गोल्डमैन सैक्स आदि शामिल हैं.’

इसके अलावा, आईआईटी-गुवाहाटी के छात्रों को इस शैक्षणिक सत्र में पहले ही 179 प्री-प्लेसमेंट ऑफर मिल चुके हैं, जो पिछले तीन सालों में सबसे ज्यादा  है. अधिकांश प्रस्ताव सूचना प्रौद्योगिकी/सॉफ्टवेयर, वित्त, और विश्लेषक और उत्पाद प्रोफाइल के क्षेत्रों से जुड़े थे. देश में मौजूदा समय में 23 आईआईटी हैं, जिनमें से आठ मानव संसाधन विकास मंत्रालय की राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) 2021 रैंकिंग के ‘शीर्ष 10’ में शामिल हैं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement