Inspiration Story: टीचर नहीं आए तो ये पुलिस अधिकारी खुद पढ़ाने लगीं बच्चों को अंग्रेजी, सिर्फ कानून ही नहीं, शिक्षा की लौ भी जला रही हैं एसपी निर्मला कुमारी

अकसर लोग पुलिस का नाम सुन कर सहम जाते हैं. लेकिन मिलिए प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी से, जो न केवल पुलिस अधिकारी हैं बल्कि अब बच्चों की फेवरेट टीचर भी बन चुकी हैं. इंग्लिस टीचर की अनुपस्थिति में निर्मिला खुद बच्चों को अंग्रेजी पढ़ाने लगीं, साथ ही बच्चों को पढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी कर रही हैं.

एसपी निर्मला कुमारी
gnttv.com
  • बगहा,
  • 23 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 5:34 PM IST

बगहा में एक बेहद प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली, जहां कानून-व्यवस्था संभालने वाली खाकी वर्दी शिक्षा की रोशनी फैलाती नजर आई. प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी अपने क्षेत्र के परसा स्थित आवासीय कस्तूरबा विद्यालय के निरीक्षण के लिए पहुंची थीं. इसी दौरान उन्हें पता चला कि इंग्लिश के शिक्षक छुट्टी पर हैं और छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है.

स्थिति को देखते हुए उन्होंने केवल औपचारिक निरीक्षण तक खुद को सीमित नहीं रखा. उन्होंने तुरंत क्लासरूम का रुख किया और बच्चियों को स्वयं इंग्लिश पढ़ाना शुरू कर दिया. एसपी का यह रूप देखकर छात्राएं भी काफी उत्साहित नजर आईं और पूरे मन से पढ़ाई में जुट गईं.

खुद संभाली पढ़ाई की जिम्मेदारी
प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने जिस तरह तुरंत स्थिति को समझते हुए कदम उठाया, उसने सभी को प्रभावित किया. आमतौर पर ऐसे मौकों पर अधिकारी केवल निरीक्षण रिपोर्ट तक ही सीमित रहते हैं, लेकिन उन्होंने बच्चियों की पढ़ाई को प्राथमिकता दी. उन्होंने क्लास में पहुंचकर न सिर्फ इंग्लिश पढ़ाई, बल्कि छात्राओं से बातचीत भी की और उन्हें पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया. बच्चियों ने भी उनके साथ पूरे उत्साह से पढ़ाई की. यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए काफी प्रेरणादायक रहा.

शिक्षा के प्रति संवेदनशील पहल
यह पहला मौका नहीं है जब प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने इस तरह की पहल की हो. वह समय-समय पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों को पढ़ाने, उनका मार्गदर्शन करने और उन्हें प्रेरित करने का काम करती रही हैं. इतना ही नहीं, वे जरूरतमंद बच्चों के बीच कॉपी और कलम का वितरण भी करती हैं, ताकि संसाधनों की कमी के कारण कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे. उनकी यह पहल शिक्षा के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाती है.

एसपी ने कहा,
प्रभारी एसपी निर्मला कुमारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जब उन्हें पता चला कि इंग्लिश के शिक्षक अनुपस्थित हैं, तो उन्होंने सोचा कि बच्चियों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए. इसी वजह से उन्होंने खुद क्लास लेकर उन्हें पढ़ाना शुरू किया. उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले और उनमें आत्मविश्वास विकसित हो. वह समय-समय पर स्कूलों में जाकर बच्चों से मिलती हैं, उनकी जरूरतों को समझती हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं.

लोगों के बीच चर्चा का विषय
बगहा में एसपी निर्मला कुमारी की यह पहल अब चर्चा का विषय बन गई है. लोग इसे एक प्रेरणादायक कदम के रूप में देख रहे हैं. उनकी यह सोच एक सकारात्मक संदेश देती है कि जिम्मेदारी सिर्फ अपने पद तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज के भविष्य को बेहतर बनाने में भी हर जिम्मेदार व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है.

(रिपोर्ट- अभिषेक पांडेय)

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED