पटना के चर्चित कोचिंग संचालक खान सर एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर पर मंगलवार रात को हमला हुआ है. मंगलवार की रात हुई इस घटना के बाद खान सर ने पहले अपने कोचिंग सेंटर पर फायरिंग की बात कही लेकिन चंद घंटों के बाद वे अपने ही बयान से पलट गए.
खान सर कोचिंग सेंटर पर हुई फायरिंग की बात से ना केवल पलट गए बल्कि उनकी तरफ से जो पुलिस कम्प्लेन दर्ज कराई गई उसमें भी फायरिंग की बात नहीं की गई है. पटना के कदमकुआं थाना इलाके में हुई इस घटना के बाद पुलिस की तरफ से जो आधिकारिक बयान आया उसमें भी फायरिंग की बात नहीं कही गई है. दरअसल, यह पूरा मामला दो कोचिंग संचालकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा बताया जा रहा है. खान सर पटना में खान ग्लोबल स्टडीज नाम से कोचिंग चलाते हैं जबकि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले एक और टीचर रौशन आनंद सर ज्ञान बिंदु भी अपना कोचिंग सेंटर चलाते हैं. खान सर और रौशन आनंद सर के बीच पुरानी प्रतिद्वंदीता रही है. जब किसी प्रतियोगी परीक्षा के नतीजे आते हैं तो दोनों अपने कोचिंग सेंटर से ज्यादा स्टूडेंट के सफल होने का दावा भी करते हैं.
घटना की टाइमलाइन जानिए
खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमले की घटना मंगलवार की रात हुई. खान सर के मुताबिक मुसल्लहपुर स्थित उनके कोचिंग सेंटर पर रात तकरीबन 10:10 पर 15 से 20 की संख्या में आए हमलावरों ने तोड़फोड़ की. हमलावरों ने उनके कोचिंग सेंटर के अंदर और बाहर जबरदस्त तोड़फोड़ मचाया. खान ग्लोबल स्टडीज के गार्ड चुनचुन की पिटाई की गई. आरोप है कि गार्ड के सिर पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे वे बुरी तरह से घायल हो गया. गार्ड को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया. घटना के बाद रात 10:30 बजे कदमकुआं थाने की पुलिस खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंच गई थी. इसके थोड़ी ही देर बाद पटना के एसपी कार्तिकेय के शर्मा भी मौके पर पहुंच गए.
...तो इसलिए दूसरे कोचिंग संचालक हैं नाराज
पटना एसएसपी ने खान सर से पूरी घटना के बारे में जानकारी ली. तकरीबन 11:00 बजे खान सर ने मीडिया से पहली दफे बातचीत में आरोप लगाया कि उनके कोचिंग सेंटर पर दूसरे कोचिंग संचालक रौशन आनंद सर के गुर्गों ने हमला किया. खान सर ने अपने कोचिंग सेंटर पर 10 राउंड फायरिंग होने की बात कही. अपने प्रतिद्वंदी कोचिंग संचालक रौशन आनंद सर को लेकर खान इतने आक्रामक थे कि उन्होंने यहां तक कह दिया कि हमलावरों के निशाने पर वह खुद थे. खान सर ने अपने कोचिंग सेंटर के ऊपर हुए हमले को खान ग्लोबल स्टडीज की तरफ से स्टूडेंट्स से कम फीस लिए जाने को कारण बताया. खान सर का आरोप था कि दूसरे कोचिंग संचालक इस बात से नाराज हैं कि वह छात्रों से कम पैसे ले रहे हैं. खान ग्लोबल स्टडीज की तरफ से घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दिखाया गया और यही से फायरिंग होने के दावे का यू टर्न शुरू हो गया. रात 1:00 बजे खान सर एक बार फिर मीडिया के सामने आए. उन्होंने फायरिंग की घटना से इनकार किया. खान सर ने कहा कि जिस वक्त कोचिंग पर हमला किया गया उसे वक्त बेहद आफरा तफरी माहौल था और जैसा उनके गार्ड ने जानकारी दी इस आधार पर उन्होंने फायरिंग की बात कही.
फायरिंग की पुष्टि नहीं
हालांकि इस घटना के बाद अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और बाकी जानकारी के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है. पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक कोचिंग संस्थानों के बीच आपसी प्रतिस्पर्धा के कारण यह घटना हुई है. पुलिस ने खान सर के कोचिंग सेंटर का गेट तोड़ने की पुष्टि की है. हालांकि फायरिंग की पुष्टि नहीं की गई है. बीती रात हुई घटना के बाद आज सुबह से खान ग्लोबल स्टडीज ने अपने सभी क्लासेस कैंसिल कर दिए हैं. इस पूरे इलाके में सुबह से छात्रों की बड़ी मौजूदगी है. स्टूडेंट काफी देर तक कोचिंग सेंटर के बाहर नारेबाजी करते रहे बाद में खान सर को स्टूडेंट के बीच मैसेज देने के लिए अपने कोचिंग सेंटर के बालकनी में आना पड़ा.
कोचिंग संचालकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई
पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले बड़े कोचिंग संचालकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चलती रही है. खान सर और रौशन आनंद सर के ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच भी प्रतियोगी परीक्षाओं में स्टूडेंट्स के बेहतर प्रदर्शन को लेकर अपने-अपने दावे होते रहे हैं. खान सर ने अपने प्रतिदिन दी कोचिंग सेंटर ज्ञान बिंदु और उसके संचालक रौशन आनंद के ऊपर जो आरोप लगाए हैं, उस पर हमने रौशन आनंद से बातचीत करने का प्रयास किया लेकिन उनका फोन लगातार स्विच ऑफ आया. ज्ञान बिंदु कोचिंग के ऊपर लगे आरोपों पर रौशन आनंद का पक्ष सामने नहीं आ पाया है.
दोनों कोचिंग संचालकों के बीच हालिया मामला भी प्रतियोगी परीक्षा में बेहतर रिजल्ट देने के दावे से जुड़ा हुआ है. दरअसल बिहार पुलिस में सिपाही के 19 हजार 838 पदों पर बहाली हुई और इसके बाद खान सर के कोचिंग की तरफ से अपने स्टूडेंट को ज्यादा सफलता मिलने के दावे किए गए, वहीं दूसरी तरफ रौशन आनंद सर भी इसी तरह का दावा कर रहे थे. दिलचस्प बात यह है कि 27 मई को बिहार पुलिस सिपाही बहाली के नतीजे सामने आने के बाद 31 मई को खान सर और रौशन आनंद सर दोनों ने सफल अभ्यर्थियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया. दोनों ने बढ़ चढ़कर अपने स्टूडेंट की सफलता को दिखाने की कोशिश की. खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर इस स्टूडेंट सम्मान समारोह को लेकर पोस्टर बैनर और वोटिंग लगाए गए थे. दावा है कि ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों ने इन्हीं पोस्टर बैनर को नुकसान पहुंचा और गार्ड की पिटाई की.
कोचिंग संचालक अब किसी गैंग की तरह कर रहे काम
बुधवार की सुबह से बड़ी संख्या में खान ग्लोबल स्टडीज के स्टूडेंट्स मुसल्लहपुर स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर खड़े रहे. जाम की स्थिति बन गई बाद में पुलिस खान कोचिंग पर पहुंची और उसके बाद खान सर ने स्टूडेंट्स से सड़क खाली करने की अपील की. मंगलवार की रात घटना के बाद आक्रामक तेवर दिखाने वाले खान सर भी नरमी के साथ मीडिया के सामने आए और उन्होंने कहा कि पुलिस की जांच पर भरोसा है. जानकारी के मुताबिक खान ग्लोबल स्टडीस और ज्ञान बिंदु कोचिंग दोनों के पास तकरीबन 10–10 हजार स्टूडेंट हैं. दोनों कोचिंग संस्थान के संचालक इस बात को जानते हैं कि अगर प्रतियोगी परीक्षाओं में वह अपने स्टूडेंट का प्रदर्शन बेहतर नहीं बताएंगे तो उनके यहां छात्रों की संख्या आने वाले दिनों में कम हो जाएगी, लिहाजा अपने स्टूडेंट्स के प्रदर्शन को बढ़ चढ़कर दिखाना और इसके लिए वर्चस्व की लड़ाई में कोचिंग संचालक अब किसी गैंग की तरह काम कर रहे हैं.
(शशि भूषण कुमार की रिपोर्ट)