Delhi Nursery School Admission 2022: दिल्ली में जो अभिभावक अपने बच्चे का एडमिशन नर्सरी क्लास में करवाना चाहते हैं उनके लिए राहत की खबर है. एडमिशन की समय सीमा बढ़ा दी गई है. गुरुवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस बात की जानकारी दी. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने मौजूदा कोविड की स्थिति को देखते हुए निजी स्कूलों में नर्सरी में प्रवेश के लिए एडमिशन की समय सीमा दो हफ्ते बढ़ा दी है.
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करते हुए लिखा, ''कोविड की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी और एंट्री लेवल की क्लास में एडमिशन के लिए आवेदन दाखिल करने की अंतिम तारीख दो सप्ताह और बढ़ाई जा रही है.''
15 दिसंबर से हुई थी प्रक्रिया शुरू
गौरतलब है कि इससे पहले, राजधानी के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी क्लास में एडमिशन की प्रक्रिया 15 दिसंबर से शुरू हुई थी. इसकी आखिरी तारीख 5 जनवरी थी. लेकिन अब इसे बढ़ा दिया गया है.
दिल्ली के शिक्षा विभाग के अनुसार, प्रवेश स्तर पर सीटों की संख्या पिछले तीन शैक्षणिक वर्षों – 2019-20, 2020-21 और 2021-22 के दौरान जो सीटें थीं उससे काम नहीं की जाएंगी.
जैसा पहले शेड्यूल था वैसा ही इसबार होगा
शिक्षा विभाग के अधिकारी ने कहा था कि स्कूलों में जैसा शेड्यूल पहले था वैसा ही इस बार भी होगा. स्कूलों को खुद से कुछ बदलाव करने की अनुमति नहीं होगी. प्रत्येक स्कूल अपने नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर एडमिशन प्रोग्राम का नोटिफिकेशन डालेंगे. प्रत्येक स्कूल यह सुनिश्चित करेगा कि एडमिशन के लिए एप्लीकेशन फॉर्म आखिरी तारीख तक सभी आवेदकों को उपलब्ध कराए जाएं.
ये भी पढ़ें