Advertisement

NTA Observer Recruitment 2026: NTA ने निकाली ऑब्जर्वर बनने के लिए वैकेंसी, जानें कौन कर सकता है आवेदन और क्या है योग्यता

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET, JEE और CUET जैसी परीक्षाओं के लिए ऑब्जर्वर पैनल हेतु आवेदन मांगे हैं. उम्मीदवार 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश भर में आयोजित होने वाली परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है.

NTA Recruitment 2026 for Observer
अनमोल नाथ बाली
  • नई दिल्ली,
  • 07 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:02 PM IST

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने आगामी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के आयोजन के लिए ऑब्जर्वर का पैनल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की है. इसके लिए एजेंसी ने योग्य और इच्छुक पेशेवरों से आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस पहल का मकसद NEET, JEE, CUET और UGC-NET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित कराना है.

एनटीए की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि सरकारी सेवा और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कुछ विशेष श्रेणियों के लोग ऑब्जर्वर के पैनल में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं. हालांकि, इसके लिए एजेंसी ने कुछ पात्रता शर्तें भी तय की हैं. इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले इन शर्तों को ध्यान से समझना होगा.

कौन कर सकता है ऑब्जर्वर के लिए आवेदन?
एनटीए ने सरकारी संस्थानों में काम करने वाले और वहां से सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों एवं प्रोफेसरों को आवेदन के योग्य माना है. इनके अलावा पे लेवल-8 से ऊपर के सेवानिवृत्त केंद्र या राज्य सरकार के अधिकारी भी आवेदन कर सकते हैं.

इस पैनल में सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के जवानों को भी मौका दिया गया है. इसके लिए उनका रैंक सूबेदार मेजर या समकक्ष और उससे ऊपर होना चाहिए. यानी निर्धारित श्रेणियों में आने वाले लोग ही इस प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे.

आवेदकों के लिए जरूरी हैं ये शर्तें
ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी निभाने के लिए उम्मीदवारों का शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है. उन्हें जरूरत पड़ने पर यात्रा करने के लिए भी तैयार रहना होगा. इसके साथ ही आवेदकों का अनुशासन और सतर्कता से जुड़ा रिकॉर्ड साफ होना चाहिए. एनटीए ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार के खिलाफ कोई विभागीय या सतर्कता संबंधी कार्रवाई लंबित नहीं होनी चाहिए. एजेंसी ने योग्य लोगों से ही आवेदन करने को कहा है. निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करने वाले उम्मीदवार ही ऑब्जर्वर के पैनल में शामिल होने के लिए आवेदन करें.

6 दिसंबर 2026 तक कर सकते हैं आवेदन
ऑब्जर्वर के पैनल में शामिल होने के इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 6 दिसंबर 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन करने के लिए उन्हें एनटीए की आधिकारिक अधिसूचना में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करना होगा. इसी के जरिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी देशभर में कई अहम प्रवेश और पात्रता परीक्षाएं आयोजित करती है. इनमें NEET, JEE, CUET और UGC-NET जैसी परीक्षाएं शामिल हैं. इन परीक्षाओं में हर साल लाखों अभ्यर्थी शामिल होते हैं और उनका शैक्षणिक व व्यावसायिक भविष्य इनसे जुड़ा होता है.

परीक्षा केंद्रों पर ऑब्जर्वर की तैनाती का मुख्य उद्देश्य पूरी प्रक्रिया पर नजर रखना और किसी भी तरह की अनियमितता को रोकना है. इससे परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखने में मदद मिलती है. ऐसे में परीक्षा सत्र से पहले एनटीए की यह पहल निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा आयोजन की दिशा में अहम मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement