रेलवे में पैरामेडिकल स्टाफ के पदों पर सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए जरूरी खबर है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने पैरामेडिकल भर्ती परीक्षा की संभावित तारीखों का ऐलान कर दिया है. नोटिफिकेशन संख्या 05/2026 के तहत यह परीक्षा 23 और 25 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. इस भर्ती के जरिए कुल 590 पदों को भरा जाएगा. जिन उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, वे परीक्षा से जुड़ी जानकारी और नोटिस के लिए आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in पर जा सकते हैं.
कब जारी होगी परीक्षा सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड?
आरआरबी के नोटिस के मुताबिक, पैरामेडिकल परीक्षा की सिटी स्लिप एग्जाम से 10 दिन पहले जारी की जाएगी. ऐसे में 23 नवंबर को होने वाली परीक्षा की सिटी स्लिप 13 नवंबर और 25 नवंबर की परीक्षा की सिटी स्लिप 15 नवंबर के आसपास जारी हो सकती है. वहीं, एडमिट कार्ड परीक्षा की तारीख से चार दिन पहले जारी किए जाने की संभावना है. इसके अनुसार, 23 नवंबर की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 19 नवंबर और 25 नवंबर की परीक्षा के लिए 21 नवंबर को जारी हो सकता है. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करके इन्हें डाउनलोड कर सकेंगे. हालांकि, ये तारीखें संभावित हैं और इनमें बदलाव हो सकता है.
किन पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती अभियान के तहत रेलवे में कुल 590 पैरामेडिकल पदों को भरा जाएगा. इनमें नर्सिंग अधीक्षक, फार्मासिस्ट, स्वास्थ्य एवं मलेरिया निरीक्षक, लैब सहायक, रेडियोग्राफर-एक्स-रे टेक्नीशियन, ईसीजी टेक्नीशियन, डायलिसिस टेक्नीशियन, नेत्र चिकित्सा सहायक और ऑडियोलॉजिस्ट स्पीच थैरेपिस्ट जैसे पद शामिल हैं. परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी.
RRB पैरामेडिकल परीक्षा का नोटिस कैसे डाउनलोड करें?
सबसे पहले आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in पर जाएं.
होम पेज पर भर्ती से जुड़े नोटिस का सेक्शन खोलें.
पैरामेडिकल भर्ती, नोटिफिकेशन संख्या 05/2026 या परीक्षा तारीख से संबंधित लिंक खोजें.
संबंधित लिंक पर क्लिक करके आधिकारिक पीडीएफ खोलें.
पीडीएफ डाउनलोड करें और परीक्षा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी ध्यान से पढ़ें.
क्या होगा परीक्षा का पैटर्न?
आरआरबी पैरामेडिकल भर्ती परीक्षा में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा. इसमें प्रोफेशनल एबिलिटी से 70 सवाल, जनरल अवेयरनेस से 10 सवाल, जनरल अर्थमेटिक एवं जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग से 10 सवाल और जनरल साइंस से 10 सवाल पूछे जाएंगे. उम्मीदवारों को परीक्षा की तैयारी के साथ आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट भी देखते रहना चाहिए.
ये भी पढ़ें: