यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है. अनुज अग्निहोत्री ने यूपीएससी सीएसई परीक्षा 2025 टॉप किया है. दूसरे नंबर पर राजेश्वरी सुवे आई हैं. तीसरा रैंक पंचकूला के एकांश ढुल को मिला है. एकांश ढुल हरियाणा के बीजेपी नेता कृष्ण ढुल के बेटे हैं. एकांश पहले भी 2 बार यूपीएससी में चयनित हो चुके हैं. एकांश ढुल की उपलब्धि पर फैमिली के जश्न का माहौल है. कृष्ण ढुल के समर्थक भी जश्न मना रहे हैं.
इस साल कुल 958 उम्मीदवारों का चयन हुआ है. इसमें से 317 सामान्य कैटेगरी, 104 ईडब्ल्यूएस कैटेगरी, 306 ओबीसी कैटेगरी, 158 एससी कैटेगरी और 73 एसटी कैटेगरी से चुने गए हैं.
चंडीगढ़ में हुई एकांश की पढ़ाई-
एकांश ढुल की शुरुआती पढ़ाई-लिखाई चंडीगढ़ में हुई है. उन्होंने 10वीं की पढ़ाई सेक्टर-27 के भवन विद्यालय से की है. जबकि 12वीं की पढ़ाई सेक्टर-27 के संत कबीर पब्लिक स्कूल से हुई है. इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली चले गए. उन्होंने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बीए (ऑनर्स) किया. एकांश ने दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की.
तीसरी बार चुने गए एकांश-
एकांश ढुल तीसरी बार यूपीएससी में चयनित हुए हैं. इससे पहले वो दो बार चयनित हो चुके हैं. साल 2024 में एकांश को ऑल इंडिया रैंक 342 और साल 2025 में ऑल इंडिया रैंक 295 मिला था. लेकिन उन्होंने कोशिश जारी रखी और इस साल उन्होंने तीसरा रैंक हासिल किया.
पिता लीडर, मां प्रिंसिपल-
एकांश ढुल के पिता हरियाणा में बीजेपी के सीनियर लीडर हैं. उनका नाम कृ्ष्ण ढुल है. जबकि उनकी मां निर्मल ढुल टीचर है. निर्मल ढुल पंचकूला के सेक्टर-19 के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल हैं. कृष्ण ढुल हरियाणा राज्य बाल कल्याण समिति के महासचिव रह चुके हैं. वो वर्तमान में बीजेपी के प्रवक्ता हैं. कृष्ण ढुल हरियाणा तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष भी हैं.
सीएम सैनी ने दी बधाई-
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को बधाई दी. सीएम सैनी ने एकांश ढुल से फोन पर बात की और बधाई दी. सीएम सैनी ने कहा कि चयनित उम्मीदवारों को समर्पण के साथ काम करते हुए देश को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए और विकसित भारत के लक्ष्यको हासिल करने में एक मजबूत भूमिका निभानी चाहिए.
(अमन भारद्वाज की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: