scorecardresearch

NEET UG 2026: मेडिकल क्षेत्र में रखना चाहते हैं कदम? तो नोट करलें ये तारीख.. कैसे करना है नीट यूजी के लिए आवेदन.. जानें पूरी प्रक्रिया

NEET UG 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 8 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 8 मार्च 2026 निर्धारित की गई है.

Representative Image Representative Image

देशभर में मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले लाखों विद्यार्थियों के लिए NEET UG सबसे जरूरी परीक्षा मानी जाती है. हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र एमबीबीएस, बीडीएस और अन्य मेडिकल कोर्स में प्रवेश पाने के लिए इस परीक्षा में शामिल होते हैं. यदि आप भी वर्ष 2026 में मेडिकल फील्ड में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद अहम है. 

NEET UG 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 8 फरवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 8 मार्च 2026 निर्धारित की गई है. तय समय के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपना फॉर्म भर लें.

महत्वपूर्ण तिथियां जो हर अभ्यर्थी याद रखे
NEET UG 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 फरवरी 2026 से शुरू हुई है. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 8 मार्च 2026 रात 9 बजे तक है. वहीं परीक्षा शुल्क का भुगतान 8 मार्च 2026 रात 11:50 बजे तक किया जा सकता है. जिन अभ्यर्थियों को आवेदन में किसी प्रकार का संशोधन करना होगा, उनके लिए करेक्शन विंडो 10 मार्च से 12 मार्च 2026 तक खुली रहेगी. परीक्षा का आयोजन 3 मई 2026 को किया जाएगा. ध्यान रखें कि अंतिम दिनों में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी समस्या आ सकती है, इसलिए कोशिश करें कि आवेदन प्रक्रिया समय से पहले पूरी कर लें.

आवेदन के दौरान इन 5 आम गलतियों से बचें

  • सबसे पहले, अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि, माता-पिता का नाम और कैटेगरी आदि 10वीं की मार्कशीट और आधार कार्ड के अनुसार ही भरें. किसी भी प्रकार की स्पेलिंग मिस्टेक या गलत जानकारी आवेदन को अमान्य कर सकती है.
  • दूसरी महत्वपूर्ण बात फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने से जुड़ी है. निर्धारित साइज, फॉर्मेट और बैकग्राउंड के अनुसार ही फोटो व सिग्नेचर अपलोड करें. नियमों का पालन न करने पर आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है.
  • तीसरी गलती शुल्क भुगतान के दौरान होती है. भुगतान करते समय पेज को बार-बार रिफ्रेश करने से बचें. कन्फर्मेशन मैसेज आने तक प्रतीक्षा करें और भुगतान सफल होने के बाद कन्फर्मेशन पेज जरूर डाउनलोड करें.
  • चौथी सावधानी कैटेगरी चयन को लेकर है. जनरल, ओबीसी, एससी, एसटी या ईडब्ल्यूएस में से सही कैटेगरी का चयन करें और संबंधित प्रमाण पत्र आपके पास वैध रूप में उपलब्ध होना चाहिए.
  • अंत में, फॉर्म भरने में देरी न करें. अंतिम दिन सर्वर पर अधिक लोड के कारण तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं, जिससे आवेदन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है.

ऐसे पूरा करें NEET UG 2026 आवेदन प्रक्रिया
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां NEET UG 2026 रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक कर अपनी बुनियादी जानकारी दर्ज करें और रजिस्ट्रेशन पूरा करें. इसके बाद आवेदन फॉर्म को सावधानीपूर्वक भरें. आवश्यक दस्तावेज जैसे फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें, फिर ऑनलाइन शुल्क का भुगतान करें. अंत में, फॉर्म सबमिट करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखें.