scorecardresearch

Punjab School: बच्चों की हुई 'बल्ले-बल्ले'.. स्कूल का बदला टाइम, जानें नया शेड्यूल

बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने राज्य के स्कूलों के समय में बदलाव करने का अहम फैसला लिया है.

School Students (File Photo: PTI) School Students (File Photo: PTI)

पंजाब में बदलते मौसम के साथ अब ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगा है. दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे सुबह और शाम की सर्दी में भी कमी आई है. इसी बदलाव को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने राज्य के स्कूलों के समय में बदलाव करने का अहम फैसला लिया है. नई समय-सारणी 1 मार्च से 31 मार्च तक लागू रहेगी.

शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी प्राइमरी स्कूल अब सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे. वहीं मिडल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों का समय सुबह 8:30 बजे से दोपहर 2:50 बजे तक निर्धारित किया गया है. विभाग का कहना है कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुविधा और मौजूदा मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि बच्चों को न तो अधिक ठंड में स्कूल जाना पड़े और न ही तेज धूप का सामना करना पड़े.

आदेशों के पालन न करने पर कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय-सारणी का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें. साथ ही छात्रों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है. विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेशों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.

विद्यार्थियों की सेहत और सुविधा को प्राथमिकता
सरकार का मानना है कि बदले हुए समय से बच्चों की सेहत पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. मौसम के अनुकूल स्कूल समय होने से विद्यार्थियों को थकान कम होगी और उनकी एकाग्रता तथा उपस्थिति में भी सुधार देखने को मिलेगा. अभिभावकों ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे बच्चों को सुबह की ठंड में जल्दी उठने की परेशानी से राहत मिलेगी.