राजस्थान में निकाय चुनाव 2 चरणों में हो रहे हैं. पहले चरण के लिए वोटिंग आज यानी 9 सितंबर को हो रही है. जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 11 सितंबर को होगी. वोटों की गिनती 14 सितंबर को होगी. निकाय चुनाव में उम्मीदवारों ने अपनी सारी ताकत झोंक दी है. उम्मीदवार अलग-अलग तरीके से चुनाव प्रचार कर रहे हैं. कई उम्मीदवारों का अनोखा चुनाव प्रचार सुर्खियां बटोर रहा है. कोटा नगर निगम चुनाव में वोटरों को रिझाने के लिए एक उम्मीदवार ने अनोखा तरीका अपनाया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया.
वोट के लिए बर्तन धोने लगा निर्दलीय उम्मीदवार-
वार्ड नंबर 33 से निर्दलीय उम्मीदवार कृष्ण मुरारी कहार जनसंपर्क के दौरान एक महिला के घर पहुंचे. यहां महिला घर के बाहर बैठकर बर्तन धो रही थी. महिला को बर्तन धोता देख प्रत्याशी भी बिना देर किए वहीं बैठ गए और साबुन उठाकर बर्तन धोने में जुट गए. इतना ही नहीं, उन्होंने पानी से बर्तनों को अच्छी तरह साफ भी किया. प्रत्याशी को इस तरह घरेलू काम में हाथ बंटाते देख आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा अनोखा अंदाज-
बर्तन धोने के बाद कृष्ण मुरारी कहार ने महिला के पैर छूकर चुनाव में जीत का आशीर्वाद भी मांगा. अब प्रत्याशी का यह अनोखा चुनावी अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आमतौर पर चुनावी मौसम में प्रत्याशी घर-घर जाकर हाथ जोड़ते, पैर छूते और वोट की अपील करते नजर आते हैं. लेकिन वार्ड 33 में जनसंपर्क के दौरान वोट मांगने से पहले प्रत्याशी ने 'बर्तन मांजकर' ही अपनी सादगी का संदेश देने की कोशिश की.
उम्मीदवार की खूब हो रही चर्चा-
वीडियो सामने आने के बाद लोग भी इस चुनावी अंदाज पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कोई इसे जमीनी जुड़ाव बता रहा है तो कोई इसे वोटरों को साधने का अनोखा चुनावी तरीका मान रहा है. कुल मिलाकर, कोटा के इस प्रत्याशी का साबुन और बर्तन वाला अंदाज मतदाताओं में चर्चा का विषय है.
ये भी पढ़ें: