Advertisement

मोदी बोले, गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक अब भाजपा.. बंगाल की जीत को जोड़ा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल जीत के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है.

PM Modi
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 04 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:59 PM IST

प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली जीत के बाद दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इसे 'नए युग की शुरुआत' बताया. उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती पर एक ऐसा सवेरा हुआ है जिसका इंतजार कई पीढ़ियां करती रही हैं, और यह परिणाम केवल चुनावी जीत नहीं बल्कि जनता के विश्वास की अभिव्यक्ति है.

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 4 मई 2026 की शाम भले ढल रही हो, लेकिन बंगाल में एक नए सूर्योदय की शुरुआत हो चुकी है. उनके अनुसार, यह जीत भय और हिंसा की राजनीति पर लोकतंत्र की जीत है. उन्होंने इसे जनता की उस आकांक्षा का परिणाम बताया, जिसने बदलाव और विकास को चुना है.

श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बंगाल को भारत का अभिन्न हिस्सा बनाए रखने के लिए संघर्ष किया था. मोदी ने कहा कि आज की जीत से उनके सपनों को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा है और उनकी आत्मा को शांति मिली होगी.

मां गंगा ने मुझे बुलाया
अपने 2013 के बयान को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब वे वाराणसी से चुनाव लड़ने पहुंचे थे, तब उन्होंने कहा था कि 'मां गंगा ने मुझे बुलाया है.' उन्होंने इसे आज के संदर्भ में जोड़ते हुए कहा कि गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक अब भाजपा और NDA की सरकारें हैं, जो जनता के विश्वास का प्रतीक हैं.

पीएम मोदी ने बंगाल की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य में अब महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिलेगा, युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और पलायन पर रोक लगेगी. उन्होंने यह भी घोषणा की कि पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी जाएगी और घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement