Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा की 24 सीटों पर निर्विरोध चुनाव, किसके खाते में गईं कितनी सीटें, किन 3 सीटों पर होगा चुनाव?

राज्यसभा चुनाव 2026 में 27 सीटों पर वोटिंग होनी थी. लेकिन 24 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए. इसमें से 19 सीटें एनडीए के खाते में गई हैं. अब झारखंड की 2 और मिजोरम की एक सीट पर वोटिंग होगी.

Rajya Sabha Election 2026
शशिकांत सिंह
  • नई दिल्ली,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:29 PM IST

राज्यसभा चुनाव 2026 में 24 सीटों के नतीजे आ गए हैं. इन सभी सीटों पर निर्विरोध चुनाव हुए हैं. इस बार राज्यसभा के लिए 27 सीटों पर वोटिंग होनी थी. अब सिर्फ 3 सीटों पर वोटिंग होनी है. इसमें झारखंड की 2 सीटें और मिजोरम की एक सीट शामिल है. इस चुनाव नतीजों के बाद राज्यसभा में सियासी दलों का समीकरण बदल गया है. चलिए आपको बताते हैं कि इस चुनाव के बाद राज्यसभा में किस गठबंधन की सीटों में कितना इजाफा हुआ और किस गठबंधन की सीटों में कमी आई है.

राज्यसभा चुनाव में किसको कितनी सीटों पर मिली जीत-
राज्यसभा चुनाव में 24 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं. इसमें से एनडीए के खाते में 19 सीटें गई हैं. जबकि 5 सीटें कांग्रेस के खाते में गई हैं. बीजेपी के खाते में 13 सीटें गई हैं. जबकि टीडीपी के खाते में 3 सीटें गई हैं. इसके अलावा एनपीपी, जनसेना और एनसीपी को एक-एक सीटें मिली हैं. उधर, इंडिया अलायंस में कांग्रेस को 5 सीटें मिली हैं.

किस राज्य में किसको कितनी सीटें?
कर्नाटक की 4 सीटों में से तीन सीटें कांग्रेस और एक सीट बीजेपी के खाते में गई हैं. इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे और पवन खेड़ा का नाम भी शामिल है. जबकि राजस्थान की 3 सीटों में से 2 सीटें बीजेपी और एक सीट कांग्रेस के खाते में गई है. गुजरात की चारों सीटों पर बीजेपी को जीत मिली है. मध्य प्रदेश की तीनों सीटों पर भी बीजेपी को जीत मिली है. आंध्र प्रदेश की चारों सीटें एनडीए के खाते में गई हैं. इसमें 3 सीटें टीडीपी और एक सीट जनसेना ने जीती है. मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश की एक-एक सीटें बीजेपी के खाते में गई हैं. जबकि मेघालय की एक सीट एनपीपी ने जीती है.

राज्यसभा की 2 सीटों पर उपचुनाव हुए. जिसमें महाराष्ट्र की एक सीट एनसीपी के खाते में गई. जबकि तमिलनाडु की एक सीट कांग्रेस ने जीती है.

किन 3 सीटों पर होना है चुनाव-
झारखंड की 2 और मिजोरम की एक सीट पर चुनाव होना है. झारखंड में एक सीट पर कांग्रेस की जीत पक्की मानी जा रही है. जबकि दूसरे सीट पर बीजेपी से लड़ाई है. कांग्रेस ने के बैद्यनाथ और प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है. जबकि बीजेपी को समर्थन परिमल नथवानी को है. उधर, मिजोरम की एक सीट पर जेडपीएम ने के. लल्टलुआंगकिमा और एमएनएफ ने जोथांसंगी हमार को उम्मीदवार बनाया है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED