Advertisement

सलीम शेरवानी या कोई और, राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का कौन होगा तीसरा उम्मीदवार?

राज्यसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के 2 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर दिया है. अब कयास लगाए जा रहे हैं कि तीसरी सीट के लिए अखिलेश यादव किसी मुस्लिम उम्मीदवार को मैदान में उतार सकते हैं. कहा जा रहा है कि सलीम शेरवानी समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं.

Akhilesh Yadav (Photo/PTI)
कुमार अभिषेक
  • लखनऊ,
  • 30 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 6:19 PM IST

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी राज्यसभा के लिए 2 उम्मीदवार उतार चुकी है. रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी दोनों ने अपना पर्चा भर दिया है. लेकिन नजरे अब समाजवादी पार्टी के तीसरे उम्मीदवार पर टिकी हैं. समाजवादी पार्टी तीसरा उम्मीदवार किसे बनाएगी.

सलीम शेरवानी के नाम की चर्चा-
पहले दिन से चर्चा यही है कि रामगोपाल यादव के साथ सपा के मुस्लिम चेहरे सलीम शेरवानी राजसभा के उम्मीदवार होंगे. लेकिन अखिलेश यादव के सरप्राइज उम्मीदवार की वजह से तीसरे कैंडिडेट पर सस्पेंस बढ़ गया है.

समाजवादी पार्टी सूत्रों की मानें तो सलीम शेरवानी ही तीसरे उम्मीदवार होंगे, क्योंकि अखिलेश यादव ने पिछले चुनाव के वक्त ही उनसे यह वादा कर रखा है. एक दिन पहले सलीम शेरवानी ने खुद भी मीडिया को बताया कि उन्हें उम्मीदवार बनाने का आश्वासन मिला है. 

अखिलेश यादव से हुई थी सलीम की मुलाकात-
मंगलवार की सुबह सलीम शेरवानी ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी. लेकिन दूसरे कैंडिडेट  धनराज नाथवानी को प्रत्याशी बनाने की जल्दबाजी में फिलहाल सलीम शेरवानी का नाम टल गया है. लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव ने 3 अक्टूबर को उनके नाम को लेकर आखिरी फैसला लेने की बात कही है और उन्हें बताया गया है कि 2 अक्टूबर के बाद इसपर फैसला होगा.

यह तय है कि अब आलोक रंजन उम्मीदवार नहीं होंगे और समाजवादी पार्टी तीसरे उम्मीदवार के लिए मुस्लिम चेहरे को लड़ाने का दांव चल सकती है.

शेरवानी के नाम पर समर्थन लेना आसान-
सलीम शेरवानी के नाम पर भाजपा के सहयोगी दलों में मुस्लिम विधायक को समर्थन लेना भी आसान हो सकता है. आरएलडी के दो मुस्लिम विधायक हैं और समाजवादी पार्टी की नजर उन पर भी है. यही नहीं ओमप्रकाश राजभर के पास भी अब्बास अंसारी के रूप में मुस्लिम विधायक है और रामपुर से अपना दल (एस) के भी मुस्लिम विधायक हैं. समाजवादी पार्टी को दूसरे दलों के मुस्लिम विधायकों से अपने मुस्लिम प्रत्याशी के लिए समर्थन जुटाना आसान हो सकता है.

समाजवादी पार्टी अगर किसी मुस्लिम चेहरे और खासकर सलीम शेरवानी को राज्यसभा में उतारती है तो उनका PDA भी सध जाता है, क्योंकि  तब 1 मुस्लिम, एक पिछड़ा चेहरा इसमें मौजूद है. असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने तो दूसरी सीट पर धनराज नाथवानी को उम्मीदवार बनाए जाने के तुरंत बाद समाजवादी पार्टी पर हल्ला बोल दिया. AIMIM की प्रवक्ता शादाब चौहान ने कहा कि भाजपा को हराने के नाम पर मुसलमान का वोट लेंगे. लेकिन जब उम्मीदवार देने की बारी आएगी तो भाजपा के परिवार को राज्यसभा की सीट देंगे.

बहरहाल तीसरे उम्मीदवार के तौर पर सलीम शेरवानी का नाम सबसे आगे चल रहा है. अगर कोई बड़ा उलट फिर नहीं हुआ तो सलीम शेरवानी तीसरे उम्मीदवार बन सकते हैं.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement