पश्चिम बंगाल की सियासत को समझना हमेशा से काफी मुश्किल रहा है. इस बार विधानसभा चुनाव को लेकर भी कई तरह के अनुमान लगाए जा रहे थे. लेकिन अब जब वोटिंग हो चुकी है और एग्जिट पोल सामने आ रहे हैं, तब भी ये असमंजस बना हुआ है. जहां असम, पुडुचेरी और केरल में एग्जिट पोल सरकार को लेकर साफ-साफ इशारा कर रहे हैं, वहीं पश्चिम बंगाल में एग्जिट पोल सर्वे में भी अलग-अलग नतीजे सामने आ रहे हैं.
एग्जिट पोल ने बढ़ाया असमंजस-
पश्चिम बंगाल में वोटिंग के बाद एग्जिट पोल सामने आए हैं. एग्जिट पोल के नतीजों से सूबे की सियासी हवा को समझना मुश्किल हो रहा है. 4 एग्जिट पोल सूबे में सत्ता बदलने के संकेत दे रहे हैं तो 2 एग्जिट पोल में एक बार फिर ममता बनर्जी को मौका मिल रहा है और टीएमसी लगातार चौथी बार सत्ता में लौटती दिख रही है. सूबे में सरकार बनाने के लिए 148 सीटों की जरूरत है. तीनों एग्जिट पोल में बीजेपी को 146 से 175 सीटें मिलने का अनुमान है. जबकि 2 एग्जिट पोल में टीएमसी को 177 से 187 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है.
आपको बता दें कि साल 2021 में भी अधिकांश एग्जिट पोल ने टीएमसी और बीजेपी में कांटे की टक्कर का अनुमान लगाया था. लेकिन नतीजे टीएमसी के पक्ष में गए थे. टीएमसी ने 215 सीटों पर जीत दर्ज की थी. जबकि बीजेपी को 77 सीटों पर जीत मिली थी.
इन एग्जिट पोल में BJP की जीत-
मैट्रिज के मुताबिक बीजेपी को 146 से 161 सीटों मिलने का अनुमान लगाया गया है. जबकि टीएमसी गठबंधन को 125 से 140 सीटें मिल सकती हैं. पी-मार्क के मुताबिक बीजेपी को 150 से 175 सीटें मिलने की संभावना है. जबकि टीएमसी को 118 से 138 सीटें मिल सकती हैं. इन दोनों एग्जिट पोल के अलावा चाणक्य स्ट्रैटेजीज बीजेपी को 150 से 160 सीटें दे रही है. जबकि टीएमसी गठबंधन को 130 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है. पोल डायरी के एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को 142 से 171 सीटें मिल सकती हैं. जबकि टीएमसी के खाते में 99 से 127 सीटें जा सकती हैं.
इन एग्जिट में TMC की जीत-
पीपुल्स पल्स के एग्जिट पोल के मुताबिक टीएमसी चौथी बार सरकार बना रही है. एग्जिट पोल के मुताबिक टीएमसी को 177 से 187 सीटें मिल रही है. जबकि बीजेपी को 95 से 110 सीटें मिल सकती हैं. जनमत पोल्स के एग्जिट पोल के मुताबिक टीएमसी को 195 से 205 सीटें मिल सकती हैं. जबकि बीजेपी के खाते में 80 से 90 सीटें जा सकती हैं.
ये भी पढ़ें: