Advertisement

2 करोड़ की फिल्म हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर दिखाया ऐसा दम कि यश जैसे बड़े स्टार भी रह गए पीछे

यश स्टारर टॉक्सिक को साल की सबसे चर्चित फिल्मों में गिना जा रहा था. बड़े बजट, ग्लोबल रिलीज, विदेशों में प्रमोशन और बड़ी स्टारकास्ट के चलते फिल्म से जबरदस्त कमाई की उम्मीद थी.

Hanuman Ansh beats Toxic: A Rs 2 crore film pulls off a stunning box-office upset
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 01 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:35 PM IST

महज 2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म हनुमान अंश इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल कर रही है, जिसकी उम्मीद शायद फिल्म मेकर्स ने भी नहीं की होगी. 7 अगस्त को सिर्फ 10 लाख की ओपनिंग करने वाली इस फिल्म ने 25वें दिन ऐसा आंकड़ा छुआ, जिसने बड़े बजट और बड़े स्टार वाली फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया. फिल्म ने अपने 25वें दिन करीब 5.50 करोड़ की नेट कमाई की. खास बात यह है कि इसी दौरान यश की फिल्म टॉक्सिक ने अपने छठे दिन हिंदी बेल्ट में करीब 4.40 करोड़ कमाए थे. यानी रिलीज के 25वें दिन हनुमान अंश ने एक बड़े स्टार की फिल्म के छठे दिन की कमाई को पीछे छोड़ दिया.

टॉक्सिक की रफ्तार पड़ी धीमी
यश स्टारर टॉक्सिक को साल की सबसे चर्चित फिल्मों में गिना जा रहा था. फिल्म ने उम्मीदों के मुताबिक पहले दिन भारत में करीब 101.10 करोड़ नेट कमाए. शुरुआती वीकेंड खत्म होने तक भारत में इसका नेट कलेक्शन 214.10 करोड़ और दुनियाभर में ग्रॉस कलेक्शन करीब 293.20 करोड़ पहुंच गया. लेकिन इसके बाद फिल्म की रफ्तार में गिरावट दिखी. छठे दिन यानी पहले सोमवार को हिंदी में इसकी कमाई घटकर 4.40 करोड़ रह गई. यही वह पड़ाव था, जहां लंबे समय से धीरे-धीरे दर्शक जुटा रही हनुमान अंश ने बाजी पलट दी.

टॉक्सिक के शो घटे, हनुमान अंश के बढ़ते गए
दोनों फिल्मों के सफर में एक और दिलचस्प अंतर देखने को मिला. टॉक्सिक ने पहले दिन देशभर में 24,579 शो के साथ शुरुआत की थी. लेकिन छठे दिन तक इसके शो घटकर करीब 13,400 रह गए. यानी एक हफ्ते से भी कम समय में स्क्रीन काउंट में लगभग 45% की कमी आई. इसके उलट हनुमान अंश की शुरुआत महज कुछ सौ शो से हुई थी. लेकिन दर्शकों की मांग बढ़ने के साथ फिल्म को लगातार ज्यादा स्क्रीन मिलती गईं. 25वें दिन भी यह फिल्म करीब 6,587 शो में दिखाई गई.

बिना स्टार और बिना बज के बनी सबसे बड़ी सरप्राइज फिल्म
हनुमान अंश की सबसे खास बात इसकी शुरुआत है. रिलीज से पहले फिल्म के पक्ष में न तो कोई बड़ा स्टार था, न खास प्रमोशनल बज और न ही कोई चर्चित कहानी. इसके बावजूद दर्शकों की पसंद और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ ने फिल्म की पूरी तस्वीर बदल दी. 24वें दिन फिल्म ने करीब 12.75 करोड़ नेट कमाए, जो अब तक का इसका सबसे बड़ा सिंगल-डे कलेक्शन बताया गया. इस दिन फिल्म ने 5,363 शो के साथ यह कमाई की. भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 47.33 करोड़ और नेट कलेक्शन करीब 40.13 करोड़ तक पहुंच गया था. यानी फिल्म ने धीमी शुरुआत के बावजूद तीन हफ्तों में जबरदस्त रफ्तार पकड़ ली.

वर्ड ऑफ माउथ का मिला फायदा
हनुमान अंश और टॉक्सिक का बॉक्स ऑफिस सफर एक बात साफ करता है बड़ी ओपनिंग और भारी प्रमोशन फिल्म को शुरुआत तो दे सकते हैं, लेकिन लंबे समय तक दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए कंटेंट और वर्ड ऑफ माउथ ज्यादा जरूरी हैं. एक तरफ करोड़ों के बजट, बड़े स्टार और हजारों शो वाली टॉक्सिक है, तो दूसरी तरफ सिर्फ 2 करोड़ में बनी हनुमान अंश, जिसने बिना किसी बड़े स्टार के दर्शकों का भरोसा जीता.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement