शादी के बाद हो रही ट्रोलिंग पर पहली बार बोले आमिर, मेरी किसी पत्नी ने धर्म नहीं बदला

शादी के बाद आमिर को दो अलग-अलग पक्षों से विरोध का सामना करना पड़ा. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने इस शादी को लव जिहाद से जोड़ते हुए कहा कि हिंदू समाज को ऐसे मामलों पर सोचना चाहिए.

Aamir Khan Gauri Spratt
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 15 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:32 PM IST

आमिर खान अपनी तीसरी शादी के 10 दिन बाद विवादों में घिर गए हैं. उन्होंने 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट से मुंबई के बांद्रा स्थित पाली हिल वाले घर में बेहद निजी समारोह में शादी की थी. यह शादी स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत हुई. समारोह में करीब 150 मेहमान शामिल हुए थे. इनमें आमिर के बच्चे जुनैद, इरा और आजाद के अलावा गौरी का बेटा भी मौजूद था.

शादी के बाद से ट्रोल हो रहे आमिर
शादी के बाद आमिर को दो अलग-अलग पक्षों से विरोध का सामना करना पड़ा. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने इस शादी को लव जिहाद से जोड़ते हुए कहा कि हिंदू समाज को ऐसे मामलों पर सोचना चाहिए. वहीं, शाही चीफ मुफ्ती मौलाना इब्राहिम हुसैन ने आमिर के खिलाफ फतवा जारी किया. उनका कहना था कि इस्लामी कानून (शरिया) के मुताबिक कोई मुस्लिम पुरुष गैर-मुस्लिम महिला से शादी नहीं कर सकता, जब तक वह इस्लाम स्वीकार न कर ले. उन्होंने इस शादी को शरिया के खिलाफ बताया.

आमिर बोले- हमारी फैमिली हमेशा से रही है खुली सोच वाली
इन दोनों बयानों पर आमिर खान ने रेडिफ को दिए इंटरव्यू में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि उनका परिवार हमेशा से सभी धर्मों का सम्मान करने वाला रहा है. आमिर ने कहा, 'हमारा परिवार बहुत समावेशी है. मेरी दोनों बहनों की शादी हिंदू परिवार में हुई है. मेरी बेटी इरा की शादी भी हिंदू से हुई है. मेरे कजिन मंसूर की पत्नी ईसाई हैं.'

मेरी किसी पत्नी ने धर्म नहीं बदला
आमिर ने साफ कहा कि उनकी किसी भी पत्नी ने शादी के लिए अपना धर्म नहीं बदला. उन्होंने कहा, 'रीना, किरण और अब गौरी... तीनों में से किसी ने भी इस्लाम नहीं अपनाया, क्योंकि हमारी सभी शादियां सिविल मैरिज के तहत हुई हैं. गौरी हिंदू भी नहीं हैं. वह ईसाई हैं और बहुत ज्यादा धार्मिक भी नहीं हैं. समय के साथ जिंदगी और ज्यादा मजेदार होती जा रही है.' आमिर का कहना है कि शादी दो लोगों का निजी फैसला है और इसमें धर्म परिवर्तन जैसी कोई शर्त कभी नहीं रही.

25 साल पुरानी दोस्ती, फिर शुरू हुआ रिश्ता
आमिर खान ने पहली बार अपने 60वें जन्मदिन पर गौरी स्प्रैट के साथ रिश्ते को सार्वजनिक किया था. उन्होंने बताया था कि दोनों एक-दूसरे को करीब 25 साल से जानते हैं. हालांकि लंबे समय तक संपर्क में नहीं रहने के बाद कुछ समय पहले दोनों फिर से मिले और धीरे-धीरे उनका रिश्ता आगे बढ़ा.

 

Read more!

RECOMMENDED