भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को सिनेमा में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा. प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने बुधवार को इसकी घोषणा की. यह सम्मान उन्हें 22 सितंबर को गुजरात के केवडिया में होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अनंत नाग को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है. उन्होंने कहा कि कई दशकों तक अनंत नाग के सहज अभिनय और बहुमुखी प्रतिभा ने भारतीय सिनेमा, खासकर कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री पर गहरी छाप छोड़ी है.
KGF में निभाया था आनंद इंगलागी का किरदार
अनंत नाग की लोकप्रियता सिर्फ कन्नड़ सिनेमा तक सीमित नहीं हैं. उन्हें हिंदी दर्शकों के बीच भी कई फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स के जरिए पहचान मिली. साल 2018 में रिलीज हुई यश स्टारर फिल्म KGF: Chapter 1 में उन्होंने पत्रकार और लेखक आनंद इंगलागी की भूमिका निभाई थी. फिल्म में उनका किरदार कहानी के सूत्रधार के तौर पर सामने आता है. आनंद इंगलागी एक टीवी इंटरव्यू के दौरान Kolar Gold Fields यानी KGF और रॉकी के संघर्ष की कहानी सुनाते हैं. उनकी गंभीर आवाज और कहानी सुनाने का अंदाज फिल्म के नैरेटिव का अहम हिस्सा बना.
300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
4 सितंबर 1948 को जन्मे अनंत नाग का असली नाम अनंत नागरकट्टे है. उन्होंने अपने लंबे करियर में 300 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है. इनमें 250 से अधिक कन्नड़ फिल्में शामिल हैं. कन्नड़ फिल्मों के अलावा उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, मराठी, मलयालम और अंग्रेजी भाषा की फिल्मों में भी काम किया. अलग-अलग तरह के किरदार निभाने की उनकी क्षमता ने उन्हें कन्नड़ सिनेमा के प्रमुख अभिनेताओं में जगह दिलाई.
मालगुडी डेज ने घर-घर पहुंचाया
फिल्मों के साथ-साथ अनंत नाग को टीवी की दुनिया में भी बड़ी पहचान मिली. आरके नारायण की कहानियों पर आधारित दूरदर्शन के लोकप्रिय सीरियल मालगुडी डेज में काम करने के बाद वे देशभर के दर्शकों के बीच पहचाने जाने लगे. उनके अभिनय के लिए उन्हें अब तक पांच बार कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है. 2025 में भारत सरकार ने सिनेमा और कला के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया था.