Pankaj Tripathi Brother Attacked: अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, हालत गंभीर; पटना AIIMS में इलाज, आरोपी हुआ गिरफ्तार

बिहार में अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई पर जानलेवा हमला होने के बाद से इलाके में हड़कंप है. फिलहाल पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है. बताया जा रहा कि मामला गांव के पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है. हालांकि पुलिस संदिग्ध हमलावरों को गिरफ्त में ले चुकी है.

पंकज त्रिपाठी के भाई पर हमला
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 22 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:05 PM IST

बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के पैतृक गांव से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. उनके बड़े भाई बिजेंद्रनाथ तिवारी पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है.

जानकारी के मुताबिक यह घटना बिहार के गोपालगंज जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव में हुई. बताया जा रहा है कि बिजेंद्रनाथ तिवारी पर धारदार हथियार से अचानक हमला किया गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं. जब हालत बिगड़ने लगा तब उन्हें स्थानीय अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित एम्स रेफर कर दिया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है. सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है.

पुरानी रंजिश को लेकर उठ रहे सवाल
दरअसल ये मामला गांव की पुराने जमीन के विवाद से जुड़ा है. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि गांव के कुछ लोगों से लंबे समय से विवाद चल रहा था. हालांकि पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद की वजह बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई थी. सदर SDPO-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली और उसे गिरफ्तार कर लिया है.

जमीनी विवाद बना हमले की वजह
पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, घायल व्यक्ति पर हमला उसके ही गांव बेलसड़ के रहने वाले राजेश साह ने किया था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीनी विवाद चल रहा था, जिसे लेकर यह हमला किया गया. पुलिस ने आरोपी राजेश साह को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद की है. इसके अलावा खून से सना हुआ कपड़ा भी पुलिस ने जब्त किया है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

अस्पताल का वीडियो भी आया सामने
घटना के बाद अस्पताल से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें डॉक्टर बिजेंद्रनाथ तिवारी का इलाज करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी भी देखी गई. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही करेगी. वहीं, अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच में आगे क्या खुलासे सामने आते हैं.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED