बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने एक बार फिर 2 अगस्त को अपना 'दूसरा जन्मदिन' मानते हुए उन लाखों प्रशंसकों का आभार जताया, जिनकी दुआओं को वह अपनी नई जिंदगी का सबसे बड़ा कारण मानते हैं. 'कुली' फिल्म की शूटिंग के दौरान हुए जानलेवा हादसे को याद करते हुए बिग बी ने अपने ब्लॉग में भावुक संदेश लिखा और कहा कि वह आज भी उन प्रार्थनाओं के ऋणी हैं, जिन्होंने उन्हें जीवनदान दिया.
'कुली' हादसे को बताया जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़
26 जुलाई 1982 को फिल्म 'कुली' की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन के साथ एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे देश को हिला दिया. बेंगलुरु में फिल्म के एक फाइट सीन की शूटिंग के दौरान अभिनेता पुनीत इस्सर के साथ एक पंच सीन फिल्माया जा रहा था. इसी दौरान टाइमिंग बिगड़ गई और अमिताभ बच्चन टेबल के किनारे से बुरी तरह टकरा गए. इस हादसे में उनके पेट के अंदर गंभीर चोट आई और आंतों को भारी नुकसान पहुंचा.
शुरुआत में इसे नॉर्मल समझा गया, लेकिन कुछ ही घंटों में उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. उन्हें बिना देर किए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई घंटे तक सर्जरी चली. इलाज के दौरान उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी. डॉक्टरों को उन्हें बचाने के लिए कई ऑपरेशन करने पड़े और एक समय ऐसा भी आया जब उनकी धड़कनें कुछ देर के लिए थम गई थीं. बाद में डॉक्टरों की मेहनत और इलाज से उन्हें नई जिंदगी मिली.
इस दौरान देशभर में उनके स्वस्थ होने के लिए मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और चर्चों में प्रार्थनाएं की गईं. लाखों लोगों ने उनके लिए दुआएं मांगीं और रक्तदान भी किया. कई महीनों तक अस्पताल में रहने और लंबे इलाज के बाद अमिताभ बच्चन पूरी तरह स्वस्थ होकर वापस लौटे. वह इस हादसे को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ मानते हैं और हर साल 2 अगस्त को अपना 'दूसरा जन्मदिन' मनाकर उन सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हैं, जिनकी दुआओं और प्रेम ने उन्हें नया जीवन दिया.
फैंस के प्यार को बताया सबसे बड़ी ताकत
अमिताभ बच्चन ने कहा कि हर साल 2 अगस्त को मिलने वाले शुभकामना संदेश उन्हें भावुक कर देते हैं. उन्होंने माना कि हर व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद देना संभव नहीं है, लेकिन वह दिल से सभी का आभार व्यक्त करते हैं. उनके मुताबिक, फैंस का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है और वही उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.
'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल में फिर दिखेंगे अमिताभ बच्चन
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल में एक बार फिर अश्वत्थामा के दमदार किरदार में नजर आएंगे. वह फिल्म की शूटिंग शुरू कर चुके हैं और सेट से कमल हासन के साथ तस्वीरें भी साझा कर चुके हैं. पहली फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा था, ऐसे में सीक्वल में भी उनसे बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं.
ये भी पढ़ें