पाकिस्तानी सिंगर आतिफ असलम, जो भारत में भी काफी लोकप्रिय हैं. उनके एक-एक गाने के दीवाने आपको इंडिया में भी मिल जाएंगे. उन्होंने हाल ही में भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे बैन को लेकर खुलकर अपनी बात रखी. 'One on One with Kris Fade' नाम से एक पॉडकास्ट मंच पर बातचीत के दौरान उन्होंने भारत में अपने फैंस और यहां के लोगों को लेकर खुल कर अपनी प्रतिक्रिया रखी. बातचीत के दौरान आतिफ ने अपने भारतीय फैंस को याद किया. आतिफ ने कहा कि उन्हें भारत के लोगों की याद आती है, हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि उन्हें भारत में काम न कर पानी की कमी महसूस नहीं होती.
10 साल से भारत में नहीं किया कोई गाना
आतिफ असलम ने बताया कि भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर लगा बैन वहां की सरकार का फैसला था. उन्होंने कहा कि पिछले करीब 10 साल से उन्होंने भारत में कोई गाना नहीं किया है. सिंगर ने यह भी बताया कि इसके बावजूद भारत में उनके फैंस उनके गाने सुनने के तरीके खोज लेते हैं. उनके मुताबिक, कुछ फैंस VPN के जरिए उनके गाने सुनते हैं, जबकि कुछ लोग उनकी सीडी बनाकर दूसरों तक पहुंचाते थे.
'मुझे काम की नहीं, आप लोगों की याद आती है'
आतिफ ने बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें भारत में काम करने की कमी महसूस नहीं होती, लेकिन वहां के लोगों और अपने फैंस की याद जरूर आती है. उन्होंने बताया कि प्लेबैक सिंगिंग के जरिए उन्होंने काफी कुछ सीखा है. उनके मुताबिक, भारत में काम करने के दौरान मिले अनुभवों ने उनके संगीत के सफर में काफी अहम भूमिका निभाई है. उन्होंने भारतीय फैंस की ओर से मिले प्यार और समर्थन को भी याद किया.
बैन ने मुझे अपना म्यूजिक बनाने का मौका दिया
आतिफ असलम ने यह भी कहा कि अगर भारत में यह बैन नहीं लगा होता तो शायद वह एक इंडिपेंडेंट सिंगर के तौर पर खुद को आगे नहीं बढ़ा पाते. उनका मानना है कि इस परिस्थिति ने उन्हें अपना म्यूजिक बनाने और खुद को एक कलाकार के तौर पर एक्सप्लोर करने का मौका दिया. उन्होंने इसके लिए उन लोगों का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने बैन लगाया. आतिफ ने कहा कि अगर ऐसा नहीं होता तो शायद वह खुद को उस तरह एक्सप्लोर नहीं कर पाते, जैसा उन्होंने बाद में किया.
फैंस के प्यार को भी किया याद
आतिफ ने भारतीय फैंस को उनके लगातार प्यार के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि लोगों ने उनके कॉन्सर्ट, एल्बम और गानों को खूब प्यार दिया और उनके साथ खड़े रहे. उन्होंने यह भी कहा कि वह उन लोगों की सराहना करते हैं, जिन्होंने इतने समय बाद भी उनके संगीत को पसंद किया और उसे सुनते रहे.
बॉलीवुड के इन गानों से मिली पहचान
आतिफ असलम के बॉलीवुड के कई गाने काफी लोकप्रिय रहे हैं. इनमें 'पहली नजर', 'तू जाने ना', 'दिल दियां गल्लां' और 'वो लम्हे वो बातें' जैसे गाने शामिल हैं. इन गानों के जरिए भारतीय संगीत प्रेमियों के बीच भी उनकी अलग पहचान बनी हुई है और आगे भी लोग उन्हें, उनके गानों से याद करेंगे.
ये भी पढ़ें