Advertisement

'धुरंधर' एक्ट्रेस आयशा खान को ट्रोल ने कहा- 'बॉलीवुड में कोई काम नहीं देगा'...बोलीं- करियर चला जाएगा तो भी मंजूर, लेकिन आवाज नहीं दबाऊंगी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन 35वें दिन भी जारी है. हालांकि, 26 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने 27वें दिन अपना अनशन खत्म कर दिया.

Ayesha Khan
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 24 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:46 AM IST

धुरंधर के गाने 'तैनू शरारत सिखावा' से चर्चा में आई एक्ट्रेस आयशा खान छात्र आंदोलन को सपोर्ट कर रही हैं. मुंबई में छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचीं आयशा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करने की कोशिश हुई और एक यूजर ने लिखा कि अब उन्हें बॉलीवुड में काम नहीं मिलेगा. आयशा ने भी बिना देर किए ऐसा जवाब दिया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है.

करियर से ज्यादा जरूरी है अपनी आवाज
हिरासत से छूटने के बाद आयशा लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रही हैं. इसी दौरान एक यूजर ने उन्हें मैसेज कर लिखा, 'अब बॉलीवुड में तुम्हें कोई काम नहीं मिलेगा.' इस पर आयशा ने उस मैसेज का स्क्रीनशॉट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, 'मैं अपना करियर खोना पसंद करूंगी, लेकिन अपनी रीढ़ नहीं. किसी और को डराइए, धन्यवाद.' उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बिना वजह पकड़कर पुलिस वैन में बैठा दिया
आयशा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि वह अपने भाई और दोस्तों के साथ छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन स्थल पहुंची थीं. आयशा का दावा है कि प्रदर्शन में शामिल होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

वीडियो में उन्होंने कहा, 'चार-पांच महिला पुलिसकर्मियों ने मुझे पकड़ लिया. मैंने पूरी कोशिश की कि वैन में न बैठूं, लेकिन मुझे जबरन अंदर बैठा दिया गया. हम लगातार पूछते रहे कि हमें क्यों हिरासत में लिया गया और हमारी गलती क्या है, लेकिन किसी ने कोई जवाब नहीं दिया.'

वीडियो शेयर कर पुलिस पर उठाए सवाल
आयशा ने एक और वीडियो पोस्ट किया, जिसमें पुलिस उन्हें वैन में बैठाती नजर आ रही है. इसके साथ उन्होंने लिखा कि शांतिपूर्ण तरीके से खड़े होने के बावजूद उन्हें जबरन हिरासत में लिया गया.

उन्होंने पोस्ट में कहा कि उन्होंने पुलिस से कई बार पूछा कि आखिर उन्होंने कौन-सा कानून तोड़ा है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. आयशा ने लिखा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करने के बजाय नागरिकों के साथ ऐसा व्यवहार करना दुखद है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कई पुलिसकर्मियों की आंखों में उन्हें बेबसी दिखी, क्योंकि वे अपने कर्तव्य से बंधे हुए थे.

छात्रों के आंदोलन का लगातार कर रही हैं समर्थन
आयशा खान पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर छात्रों के आंदोलन का खुलकर समर्थन कर रही हैं. वह लगातार पोस्ट और वीडियो शेयर कर प्रदर्शन से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचा रही हैं.

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन 35वें दिन भी जारी है. हालांकि, 26 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने 27वें दिन अपना अनशन खत्म कर दिया. CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement