scorecardresearch

Salman Khan Message to NEET Students: सलमान खान की छात्रों और सोनम से आंदोलन खत्म करने की अपील, कहा- 'आपकी है जरूरत... बोलो तो घर से खाना भेज दूंगा'

NEET पेपर लीक मामले पर सलमान खान ने छात्रों से आंदोलन खत्म कर घर लौटने की अपील की. उन्होंने सरकार की कार्रवाई पर भरोसा जताया और जरूरत पड़ने पर घर से खाना भेजने की भी पेशकश की.

Salman Khan Salman Khan

NEET पेपर लीक मामले पर अभिनेता सलमान खान ने एक बार फिर छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि इस समय सबसे जरूरी बात छात्रों की शिक्षा और उनकी सुरक्षा है. उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने घर और माता-पिता के पास लौट जाना चाहिए, ताकि उनके परिवार भी चिंता से बाहर आ सकें.

प्रधानमंत्री की कार्रवाई पर जताया भरोसा
सलमान खान ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री इस पूरे मामले पर पहले ही प्रतिक्रिया दे चुके हैं. उन्हें भरोसा है कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि छात्रों को अब चिंता करने की जरूरत नहीं है और सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है.

'सोनम, अब बस करो... खाना भी भेज दूंगा'
अपने पोस्ट में सलमान खान ने आंदोलन से जुड़ी छात्रा सोनम को संबोधित करते हुए भावुक अपील की. उन्होंने लिखा, 'सोनम, अब बहुत हो गया. इसे और आगे मत बढ़ाओ. अगर आगे कभी जरूरत पड़ी तो उसी जज्बे के साथ फिर खड़े होना, लेकिन अभी मुझे नहीं लगता कि उसकी जरूरत पड़ेगी. कुछ खा लो. अगर चाहो तो मैं अपने घर से खाना भेज दूंगा.' सलमान का सोनम को लिखा यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कई लोग इसे छात्रों के प्रति उनकी चिंता और संवेदनशीलता के तौर पर देख रहे हैं.

पहले भी खुलकर कर चुके हैं समर्थन
यह पहला मौका नहीं है जब सलमान खान ने छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई हो. इससे पहले भी कल उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी बचपन की तस्वीर शेयर करते हुए छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन का समर्थन किया था. उन्होंने कहा था कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और दुख की बात है कि बाद में यह हिंसक मोड़ ले बैठा. उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई थी.

'यह छात्रों की लड़ाई है, इसे राजनीति से दूर रखें'
सलमान खान ने अपने पहले संदेश में कहा था कि पेपर लीक बेहद गंभीर मुद्दा है और यह देखकर खुशी होती है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं. उन्होंने छात्रों की ईमानदारी, मेहनत और साहस की सराहना करते हुए कहा था कि यही पीढ़ी भारत का भविष्य बनाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि इस आंदोलन का श्रेय केवल छात्रों को मिलना चाहिए, इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. साथ ही उम्मीद जताई थी कि सरकार छात्रों का साथ देगी और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी.

'भारत को एजुकेशन हब बनना चाहिए'
सलमान ने अपने संदेश का समापन शिक्षा के महत्व पर किया था. उनका कहना था कि शिक्षा देश का सबसे बड़ा ट्रेंड बननी चाहिए. आने वाले समय में भारत ऐसा देश बने, जहां पढ़ाई के लिए दुनिया भर से छात्र आएं और भारत एक वैश्विक एजुकेशन हब के रूप में पहचाना जाए.


 

ये भी पढ़ें