करीना कपूर खान
करीना कपूर खान
देशभर में शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के बीच अब बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान ने एक लंबा और भावुक पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वह इस मुद्दे पर सोच रही थीं, लेकिन अब चुप रहना संभव नहीं था. उनके मुताबिक, इतने सारे युवाओं की आवाज को अनदेखा नहीं किया जा सकता और न ही ऐसा होना चाहिए.
'शिक्षा तभी मायने रखती है, जब बच्चों का भरोसा बना रहे'
करीना ने लिखा कि शिक्षा किसी भी बच्चे को आत्मविश्वास देती है, उम्मीद देती है और परिवारों को बेहतर भविष्य का भरोसा दिलाती है. लेकिन अगर बच्चों को यह लगने लगे कि ईमानदारी, मेहनत और योग्यता की कोई कीमत नहीं है, तो उनका शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा टूटने लगता है. उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा यह सोचने पर मजबूर न हो कि उसकी मेहनत पर्याप्त होगी या नहीं.
'हर बच्चे को निष्पक्ष व्यवस्था मिलनी चाहिए'
अपने पोस्ट में करीना ने कहा कि हर बच्चे को ऐसी व्यवस्था मिलनी चाहिए, जिस पर वह भरोसा कर सके. जहां योग्यता का सम्मान हो, मेहनत का फल मिले और हर छात्र को बराबरी का मौका मिले. उन्होंने इसे किसी विशेष मांग के बजाय एक बुनियादी अधिकार बताया. उनके अनुसार, यह कोई बड़ी अपेक्षा नहीं, बल्कि हर छात्र का न्यूनतम हक है.
'पूरी पीढ़ी जब बोल रही हो, तो सुनना हमारी जिम्मेदारी है'
करीना कपूर ने कहा कि जब एक पूरी पीढ़ी अपने भविष्य को लेकर एकजुट होकर आवाज उठा रही हो, तब उन्हें सुनना किसी पर किया गया एहसान नहीं, बल्कि समाज और व्यवस्था की जिम्मेदारी है. उन्होंने लिखा कि आज जो फैसला और प्रतिक्रिया दी जाएगी, वही आने वाली पीढ़ी को बताएगी कि निष्पक्षता और भरोसा सिर्फ शब्द हैं या वास्तव में उनका कोई मतलब भी है.
'कल की तैयारी आज से शुरू होती है'
अपने पोस्ट के अंत में करीना ने एक छोटा लेकिन असरदार संदेश भी लिखा. उन्होंने कहा, 'They aren’t preparing for tomorrow. They are tomorrow.' यानी ये छात्र सिर्फ अपने भविष्य की तैयारी नहीं कर रहे, बल्कि वही देश का भविष्य हैं.
शिक्षा को सबसे बड़ा ट्रेंड बनाने की जरूरत
करीना कपूर का मानना है कि अगर बच्चों का शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास मजबूत रहेगा, तभी देश का भविष्य भी मजबूत होगा. उन्होंने अपने संदेश के जरिए यह साफ किया कि शिक्षा, मेहनत और निष्पक्ष अवसर ही किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं. यही वजह है कि उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया और बड़ी संख्या में लोग उनके विचारों का समर्थन करते नजर आए.
ये भी पढ़ें