थामा और स्त्री की लाइफटाइम कलेक्शन को छोड़ा पीछे, 12वें दिन फिल्म की कमाई में आया उछाल, 200 करोड़ का आंकड़ा किया पार

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी ने फिर एक बार कमाल कर दिखाया है. फिल्म ने अपने दूसरे हफ्ते में 200 करोड़ रुपयों का आंकड़ा पार कर लिया है. फिल्म की कमाई का ग्राफ, कई हॉरर फिल्म के लाइफटाइम लकेक्शन से आगे निकल गया है. फिल्म की कहानी को लोगों का भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म सिनेमाघर में लंबे रेस का घोड़ा साबित हो सकती है.

Bhooth Bangla day 12 box office collection
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 12:21 PM IST

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है. उनकी हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' ने रिलीज के 13वें दिन वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है. इसी के साथ यह फिल्म बॉलीवुड की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉरर-कॉमेडी बन गई है. फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज हुई थी, जबकि एक रात पहले इसके पेड प्रीव्यू भी रखे गए थे. दूसरे हफ्ते में भी फिल्म ने अच्छी पकड़ बनाए रखी, जिसकी बदौलत यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर पाई है. अब फिल्म का ये तीसरा सप्ताह होने वाला है, और देखना होगा कि क्या फिल्म की कमाई में उछाल आती है.

भारत में कमाई का हाल
फिल्म ने पहले वीकेंड में भारत में 58 करोड़ रुपए नेट की कमाई की थी. इसके बाद दूसरे शनिवार तक यह फिल्म 100 करोड़ रुपए के आंकड़े तक पहुंच गई. दूसरे वीकेंड में भी कमाई मजबूत रही, हालांकि सोमवार को कलेक्शन में हल्की गिरावट देखी गई, जो उम्मीद के मुताबिक थी.

मंगलवार को फिल्म ने फिर से रफ्तार पकड़ी और बुधवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 3.50 करोड़ रुपए नेट जोड़े. इसके साथ भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन 124.50 करोड़ रुपए नेट और 147.90 करोड़ रुपए ग्रॉस तक पहुंच गया है. अब नजर तीसरे वीकेंड पर टिकी है, जहां फिल्म की कमाई में अच्छा उछाल देखने को मिल सकता है. हालांकि नई रिलीज फिल्में 'द डेविल वियर्स प्राडा 2' और 'राजा शिवाजी' इसकी रफ्तार पर असर डाल सकती हैं.

कई बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे
200 करोड़ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के साथ यह फिल्म इस साल की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म भी बन गई है. साथ ही इसने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है.

फिल्म ने सलमान खान की 'सिकंदर' (176 करोड़) को पीछे छोड़ा है. हॉरर-कॉमेडी जॉनर में इसने 'भेड़िया', 'मुंज्या', 'थामा' (171 करोड़) और 'स्त्री' (180 करोड़) जैसी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पार कर लिया है. अब इससे आगे सिर्फ 'स्त्री 2' (875 करोड़), 'भूल भुलैया 3' (424 करोड़) और 'भूल भुलैया 2' (266 करोड़) हैं.

विदेशों में भी अच्छा प्रदर्शन
'भूत बंगला' ने ओवरसीज मार्केट में भी ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है. शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन दूसरे और तीसरे दिन फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1 मिलियन डॉलर की कमाई की. 13 दिनों के बाद फिल्म का ओवरसीज ग्रॉस 5.6 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है. हालांकि अब विदेशों में इसकी रोजाना कमाई 80 हजार डॉलर से नीचे आ चुकी है. इसके बावजूद फिल्म के 6 मिलियन डॉलर पार करने की उम्मीद अभी भी बनी हुई है.

फिल्म की स्टार कास्ट
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म उनके हिंदी सिनेमा में पांच साल बाद वापसी भी है. वहीं अक्षय कुमार के साथ उनकी 14 साल बाद यह पहली फिल्म है. फिल्म में अक्षय के साथ तब्बू, वामिका गब्बी, परेश रावल, राजपाल यादव और मिथिला पालकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.
 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED