BLACKPINK के कलाकारों का जितना प्रभाव भारत में देखने को मिलता है, उतना ही दुनिया भर में बॉलीवुड भी अपनी अलग पहचान रखता है. अब एक खबर ने के-पॉप फैंस, खासकर BLACKPINK के प्रशंसकों को काफी उत्साहित कर दिया है. हाल ही में Kim Jisoo ने India Today को दिए इंटरव्यू में कहा कि अगर उन्हें मौका मिला तो वह हिंदी फिल्म में काम करने के लिए तैयार हैं.
उनके इस बयान के बाद भारतीय फैंस के बीच उत्साह का माहौल बन गया है. सोशल मीडिया पर लोग अभी से उन्हें बॉलीवुड फिल्मों में इमेजिन करने लगे हैं और कई तरह के सुझाव भी देने लगे हैं. कुछ फैंस ने तो उन्हें मशहूर निर्देशक Sanjay Leela Bhansali की किसी भव्य पीरियड फिल्म में एक्टिंग करने का सजेशन भी दे दिया.
इंटरव्यू में सामने आई बॉलीवुड में काम करने की इच्छा
जिसू इन दिनों अपनी आने वाली सीरीज Boyfriend On Demand के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इसी दौरान उन्होंने अपने को-स्टार Seo In-guk के साथ इंटरव्यू में कई दिलचस्प बातें शेयर कीं.
इंटरव्यू के दौरान जब एक जर्नलिस्ट ने उनसे पूछा कि अगर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर बेस्ड कोई रोमांटिक बॉलीवुड फिल्म बने तो क्या वह उसमें काम करना चाहेंगी.
इस सवाल पर सियो इन गुक ने तुरंत जबाव देते हुए कहा कि अगर उन्हें ऐसा मौका मिलता है तो वह जरूर हिंदी सिनेमा में काम करना चाहेंगे. वहीं जिसू भी इस संभावना को लेकर काफी उत्साहित नजर आईं. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि फैंस को आगे आने वाले समय में कुछ नया देखने को मिल सकता है और उन्हें थोड़ा इंतजार करना चाहिए.
सोशल मीडिया पर फैंस की दिलचस्प कल्पनाएं
जैसे ही यह इंटरव्यू सामने आया, भारत में उनके फैंस के बीच इसको लेकर चर्चा तेज हो गई. भारत को BLACKPINK के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय फैन बेस में से एक माना जाता है, इसलिए सोशल मीडिया पर इस खबर पर खूब प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
कई फैंस का मानना है कि जिसू की स्क्रीन प्रेजेंस और उनका एलिगेंट अंदाज उन फिल्मों के लिए बिल्कुल फिट बैठता है जिनके लिए संजय लीला भंसाली जाने जाते हैं.
एक फैन ने लिखा कि अगर कभी कोई भारतीय फिल्म कोरियाई पीरियड बैकग्राउंड के साथ बनती है, तो उसमें जिसू को जरूर कास्ट किया जाना चाहिए.
बॉलीवुड प्रोडक्शन हाउस को भी किया गया टैग
कुछ फैंस ने तो सीधे बॉलीवुड के बड़े प्रोडक्शन हाउस को टैग करना भी शुरू कर दिया. इनमें Yash Raj Films, Dharma Productions, Red Chillies Entertainment और T-Series जैसे बड़े नाम शामिल हैं.
इसके अलावा कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में निर्देशक S. S. Rajamouli का नाम भी लिया और उन्हें टेग कर दिया. उनका कहना था कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट को वही शानदार तरीके से बना सकते हैं.
एक्टिंग करियर में लगातार आगे बढ़ रही हैं जिसू
3 जनवरी 1995 को जन्मीं किम जिसू ने एक्टिंग की दुनिया में भी अच्छी पहचान बना ली है. उन्हें पहली बड़ी सफलता 2021 में आए कोरियन ड्रामा Snowdrop से मिली थी, जिसमें उन्होंने यून यंग रो का मुख्य भूमिका निभाते देखा गया था.
इस भूमिका के लिए उन्हें काफी सराहना मिली और बाद में उन्हें Seoul International Drama Awards में आउटस्टैंडिंग कोरियन एक्ट्रेस का अवार्ड भी दिया गया.
फिल्मों और सीरीज में बढ़ता दायरा
कुछ सालो से जिसू लगातार अलग-अलग तरह के प्रोजेक्ट्स में काम करती नजर आ रही हैं. साल 2025 में वह जॉम्बी थ्रिलर सीरीज Newtopia में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने एक न्यू ऑफिस स्टाफ की भूमिका निभाई थी. इसी साल उन्होंने फैंटेसी फिल्म Omniscient Reader: The Prophecy से बड़े पर्दे पर भी कदम रखा. अब जल्द ही वह नेटफ्लिक्स की रोमांटिक कॉमेडी सीरीज Boyfriend On Demand में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी.
जिसू के इस बयान के बाद फैंस अटकलें लगा रहे हैं कि भविष्य में के-पॉप और बॉलीवुड का एक दिलचस्प मेल देखने को मिल सकता है.
ये भी पढे़