सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्ममेकर्स के लिए सर्टिफिकेशन के नियमों में बदलाव करते हुए नई एडवाइजरी जारी की है. नए निर्देशों के मुताबिक, अधूरी फिल्म को सर्टिफिकेशन के लिए स्वीकार नहीं किया जाएगा. इतना ही नहीं, फिल्म का नाम तब तक पक्का नहीं माना जाएगा, जब तक उसे सेंसर सर्टिफिकेट नहीं मिल जाता. फिल्म की घोषित रिलीज डेट को भी बोर्ड अपने फैसले में ध्यान में नहीं रखेगा.
अधूरी फिल्म को नहीं मिलेगा सर्टिफिकेशन
नई गाइडलाइन के मुताबिक, फिल्ममेकर्स को सर्टिफिकेशन के लिए पूरी फिल्म जमा करनी होगी. अधूरे काम को बोर्ड प्रोत्साहित नहीं करेगा. यानी फिल्म की एडिटिंग और दूसरे जरूरी काम पूरे होने के बाद ही उसे प्रमाणन के लिए भेजना होगा. इसके अलावा फिल्म का टाइटल भी सर्टिफिकेशन मिलने तक अंतिम नहीं माना जाएगा. इसका मतलब है कि निर्माता जिस नाम से फिल्म का प्रचार शुरू कर चुके हैं, उसे भी बाद में बदलने की नौबत आ सकती है.
रिलीज डेट घोषित करने वाले निर्माताओं की बढ़ेगी परेशानी
फिल्मों की रिलीज डेट सिर्फ एक तारीख नहीं होती. इसके आधार पर निर्माता प्रचार अभियान, कलाकारों की उपलब्धता, सिनेमाघरों की बुकिंग और दूसरी तैयारियां करते हैं. लेकिन नई गाइडलाइन के मुताबिक, CBFC फिल्म की रिलीज डेट को सर्टिफिकेशन प्रक्रिया में कोई विशेष महत्व नहीं देगा.
हनी त्रेहान ने बताया तानाशाही वाला फैसला
दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' के निर्देशक हनी त्रेहान ने सोशल मीडिया पर नई गाइडलाइन पर नाराजगी जताई. उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि नए नियम देश में लोकतांत्रिक सोच और अभिव्यक्ति की आजादी के बजाय डर और तानाशाही को दिखाते हैं.
ओनिर बोले- फिल्म सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया मुश्किल हुई
फिल्ममेकर ओनिर का कहना है कि स्वतंत्र फिल्मों पर इन नियमों का असर अलग हो सकता है, लेकिन CBFC की पूरी सर्टिफिकेशन प्रक्रिया पहले से ज्यादा मुश्किल होती जा रही है. उनके मुताबिक, पूरी फिल्म जमा करने की शर्त समझ में आती है, लेकिन सबटाइटल जैसे काम फिल्म बनने के बाद के चरण में होते हैं. ऐसे में निर्माताओं के लिए अतिरिक्त परेशानी खड़ी हो सकती है.
CBFC में 18 नए सदस्य भी शामिल
नई गाइडलाइन ऐसे समय आई है, जब CBFC बोर्ड में 18 नए सदस्यों को शामिल किया गया है. साल 2017 के बाद पहली बार बोर्ड का इस तरह गठन हुआ है. नए सदस्यों में प्रीति जिंटा, पंकज त्रिपाठी, सुनील शेट्टी, पल्लवी जोशी, रिकी केज और सुप्रिया यरलागड्डा जैसे नाम शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: