Celebrities Support Student Protest: जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को मिला बॉलीवुड और साउथ सितारों का साथ, जानें आलिया से लेकर माधवन तक ने क्या कहा

छात्र आंदोलन को आलिया भट्ट, आर. माधवन, कमल हासन और सलमान खान का समर्थन मिला. सभी ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन, पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था और छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने की सरकार से अपील की.

Bollywood Support Neet Protest
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 23 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:12 PM IST

पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन को अब फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों का समर्थन मिल रहा है. जंतर मंतर पर चल रहे पेपर लिक आंदोलन में आलिया भट्ट, आर. माधवन, कमल हासन और सलमान खान ने छात्रों के पक्ष में अपनी बात रखते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और शांतिपूर्ण आंदोलन की अहमियत पर जोर दिया. इन सभी कलाकारों ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग अंदाज में छात्रों के हौसले की सराहना की और उनकी मांगों को गंभीरता से सुने जाने की बात कही.

आलिया भट्ट बोलीं- क्या हम सच में छात्रों की आवाज सुन रहे हैं?
आलिया भट्ट ने छात्रों के समर्थन में सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश लिख कर पोस्ट किया है. उन्होंने कहा कि देश के युवा बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ अपनी बात रख रहे हैं और सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हम उनकी आवाज सच में सुन रहे हैं. आलिया ने छात्रों के साहस की तारीफ करते हुए कहा कि उनका हौसला उन्हें विनम्र बनाता है. उन्होंने आंदोलन को छात्रों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा बताते हुए उनकी बातों पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की.

आर. माधवन ने पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की वकालत की
आर. माधवन ने भी छात्र आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह छात्रों की चिंता और निराशा को महसूस करते हैं. उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया. माधवन का कहना था कि छात्रों का भरोसा बनाए रखना बेहद जरूरी है और शिक्षा प्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जहां मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को न्याय मिल सके.

कमल हासन ने शिक्षा सुधार की उठाई मांग
अभिनेता और नेता कमल हासन ने छात्रों के समर्थन में कहा कि अगर शुरुआत में ही बच्चों की आवाज सुनी जाती, तो शायद हालात यहां तक नहीं पहुंचते. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत बताई और कहा कि छात्रों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. कमल हासन ने शिक्षा से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दिया.

सलमान खान ने शांतिपूर्ण आंदोलन को बताया सही रास्ता
सलमान खान ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और इसका हिंसक मोड़ लेना दुखद है. उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पेपर लीक को बेहद गंभीर समस्या बताया. सलमान ने कहा कि उन्हें खुशी है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता भी उनके साथ खड़े हैं. उन्होंने छात्रों की मेहनत, ईमानदारी और पढ़ाई के प्रति समर्पण की सराहना की. सलमान ने कहा कि यह आंदोलन सही तरीके से किया गया और इसका श्रेय केवल छात्रों को मिलना चाहिए. 
 

ये भी पढ़ें

Read more!

RECOMMENDED