हेमा मालिनी ने खुद मीडिया से बात करते हुए एक इंटरव्यू में कहा कि यह दुखद है कि ऐसे कलाकार को ऑस्कर अवॉर्ड में नजरअंदाज किया गया, जो दुनिया भर में पहचाने जाते थे. उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि कई देशों में लोगों के दिलों में बसते थे. उन्होंने यह भी कहा कि अपने जीवन में धर्मेंद्र को ज्यादा पुरस्कार नहीं मिले, लेकिन इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता था. वह हमेशा इस बात से खुश थे कि उन्हें अपने देश के लोगों का प्यार मिला.
अवॉर्ड्स से दूर रहे धर्मेंद्र
हेमा मालिनी ने यह भी बताया कि धर्मेंद्र को उनके काम के लिए उतने अवॉर्ड्स नहीं मिले, जितने मिलने चाहिए थे. उन्होंने अपने बारे में भी कहा कि उनकी बेहतरीन फिल्मों जैसे लाल पत्थर और मीरा के लिए भी उन्हें कोई बड़ा पुरस्कार नहीं मिला.
उनकी बेटी ईशा देओल ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि उनके पिता ऐसे इंसान थे, जो इस तरह की बातों को ज्यादा महत्व नहीं देते थे.
ऑस्कर में लंबा ट्रिब्यूट, फिर भी नाम गायब
इस साल ऑस्कर के 'इन मेमोरियम' सेगमेंट की टाइमिंग पहले से 15 मिनट ज्यादा रखी गई थी. इसमें हॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकारों को याद किया गया, लेकिन धर्मेंद्र का नाम टीवी पर दिखाए गए हिस्से में शामिल नहीं था.
हालांकि, एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज द्वारा जारी आधिकारिक ऑनलाइन लिस्ट में धर्मेंद्र का नाम शामिल किया गया था. इस लिस्ट में भारत के अन्य कलाकारों जैसे सरोजा देवी, मनोज कुमार, जयश्री कबीर, कोटा श्रीनिवास राव और डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर एस कृष्णास्वामी का भी जिक्र था.
नवंबर 2025 में हुआ था निधन
धर्मेंद्र की तबीयत नवंबर 2025 की शुरुआत में बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इस दौरान उनके निधन की अफवाहें भी सामने आईं, जिन्हें परिवार ने खारिज कर दिया था. 24 नवंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई. उनके अंतिम संस्कार में केवल परिवार के सदस्य मौजूद रहे.
धर्मेंद्र अपने पीछे अपनी दो पत्नियां हेमा मालिनी और प्रकाश कौर के साथ 4 बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें सनी देओल, बॉबी देओल, ईशा देओल और अहाना देओल शामिल हैं. उनकी आखिरी फिल्म इक्कीस, जिसे श्रीराम राघवन ने निर्देशित किया था, जो 1 जनवरी को रिलीज की गई थी. इस फिल्म में उनके अभिनय की काफी सराहना हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह ज्यादा सफल नहीं साबित हुई.
ये भी पढ़े