रणवीर सिंह की धुरंधर फ्रेंचाइजी ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल करते हुए नया इतिहास रच दिया है. निर्देशक आदित्य धर की इस स्पाई एक्शन थ्रिलर सीरीज ने दुनियाभर में 3000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है. सैकनिल्क के मुताबिक, दोनों फिल्मों की कुल कमाई 3019 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है. खास बात यह है कि धुरंधर 2 ने गल्फ और चीन जैसे बड़े इंटरनेशनल मार्केट्स के बिना ही 1700 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली, जो हिंदी सिनेमा के लिए एक नया रिकॉर्ड है.
चौथे हफ्ते में भी दर्शकों को थियेटर में खींच रही फिल्म
फिल्म का प्रदर्शन विदेशों में भी शानदार रहा है. धुरंधर 2 ने ओवरसीज मार्केट में 410 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन किया है. नॉर्थ अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के कई हिस्सों में इसे बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला. पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ और रिपीट व्यूइंग की वजह से फिल्म चौथे हफ्ते में भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है. इसके अलावा, रिलीज के दौरान टॉक्सिक, पेड्डी, द पैराडाइज और डकैत जैसी बड़ी फिल्मों के टलने से इसे बॉक्स ऑफिस पर खुला मैदान मिला.
धुरंधर फ्रेंचाइजी ने की 3019 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई
फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म ने भी जबरदस्त कमाई की थी. सिर्फ हिंदी में रिलीज होने और गल्फ व पाकिस्तान में बैन के बावजूद फिल्म ने 1307 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया और ब्लॉकबस्टर साबित हुई. इसके बाद आई धुरंधर 2 ने इस सफलता को और आगे बढ़ाते हुए रिकॉर्ड तोड़ कमाई की. दोनों फिल्मों को मिलाकर धुरंधर फ्रेंचाइजी अब 3019 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. इसी के साथ यह भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फ्रेंचाइजी बन गई है. इसने बाहुबली, पुष्पा और केजीएफ जैसी बड़ी सीरीज को पीछे छोड़ दिया है.
बाहुबली, पुष्पा और KGF को पछाड़कर धुरंधर बनी नंबर 1 फ्रेंचाइजी
अगर तुलना करें, तो बाहुबली सीरीज का कुल कलेक्शन 2438 करोड़, पुष्पा का 2221 करोड़ और केजीएफ का 1453 करोड़ रहा है. इन सभी को पछाड़ते हुए धुरंधर ने नया मुकाम हासिल किया है. वहीं धुरंधर 2 अकेले ही 1700 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुकी है, जिससे इसने पुष्पा 2: द रूल (1685 करोड़) और बाहुबली 2 (1615 करोड़) को भी पीछे छोड़ दिया है.
आमतौर पर भारतीय फिल्मों की कमाई में गल्फ देशों और चीन का बड़ा योगदान रहता है, लेकिन धुरंधर 2 ने बिना इन मार्केट्स के ही यह उपलब्धि हासिल कर यह साबित कर दिया है कि मजबूत कंटेंट और दर्शकों का प्यार किसी भी फिल्म को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है. चौथे हफ्ते में भी फिल्म की कमाई जारी है, जो इसकी लंबी रेस का संकेत देती है.