बिग बॉस 20 में कंटेस्टेंट्स के बीच रिश्तों और निजी जिंदगी को लेकर बातचीत लगातार देखने को मिल रही है. शो के लेटेस्ट एपिसोड में एक्ट्रेस ईशा रिक्की ने अपने पुरानी रिलेशनशिप को लेकर बात की. कनिका मान से बातचीत के दौरान ईशा ने बिना किसी का नाम लिए बताया कि उन्हें रिश्ते में इमोशनल और फिजिकल धोखे का सामना करना पड़ा था.
कही सुनी बातों पर भरोसा नहीं करती
बिग बॉस 20 के एपिसोड 10 में ईशा और कनिका मान गार्डन एरिया में बैठकर रिश्तों को लेकर बात कर रही थीं. इसी दौरान ईशा ने बताया कि वह किसी रिश्ते में दूसरों की बातों पर आसानी से भरोसा नहीं करतीं. ईशा ने कहा कि अगर कोई उनके पास आकर कनिका के बारे में कुछ कहे, तो वह तब तक उस बात पर विश्वास नहीं करेंगी, जब तक खुद कुछ देख न लें. उन्होंने कहा कि वह रिश्ते में भी इसी तरह रहती हैं. अगर कोई कुछ बताता है तो वह सबूत मांगती हैं या फिर उस व्यक्ति से दूर रहने को कहती हैं.
इसके बाद ईशा ने कहा कि जब रिश्ता खत्म हुआ, तब उन्हें कई ऐसी बातें पता चलीं, जिनके बारे में उन्हें पहले जानकारी नहीं थी. उन्होंने अपनी बात को बताते हुए कहा, 'जब ये खत्म हुआ तो पता चला, यहां तो कट गया.'
कनिका ने पूछा- इमोशनल और फिजिकल धोखा?
बातचीत के दौरान कनिका ने ईशा से सीधे पूछा कि क्या उन्हें रिश्ते में इमोशनल और फिजिकली धोखा मिला था. इस पर ईशा ने कहा कि उनके साथ दोनों तरह का धोखा हुआ. ईशा ने बताया कि किसी रिश्ते में बीच में लटके रहना उनके लिए बेहद मुश्किल और टॉक्सिक हो जाता है. उन्होंने एक ऐसी स्थिति का उदाहरण दिया, जिसमें सामने वाला उन्हें अपना सबसे अच्छा दोस्त बताता है और वह भी उसे उसी तरह महत्व देती हैं. वह उस व्यक्ति को अपने करीबी दोस्त के तौर पर लोगों के सामने दिखाती हैं, लेकिन बाद में उन्हें पता चलता है कि वह उनके लिए वैसा नहीं था.
प्राइवेट सर्कल में रिश्ते को लेकर रखी थी बात
ईशा ने आगे बताया कि वह इन चीजों को अपने निजी दायरे में ही रखती थीं. उनका कहना था कि वह सामने वाले को अपना खास दोस्त मानकर उसी हिसाब से व्यवहार करती थीं, जबकि बाद में उन्हें पता चलता है कि उसकी जिंदगी में ऐसे कई और बेस्ट फ्रेंड थे. हालांकि, ईशा ने बातचीत में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया. उन्होंने अपने अनुभव को सामान्य तौर पर शेयर किया और यह बताया कि रिश्ते में भरोसा टूटने के बाद उन्हें किन भावनाओं से गुजरना पड़ा.
शो में आने से पहले भी चर्चा में रही थीं ईशा
बिग बॉस 20 में आने से पहले ईशा रिक्की अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रही थीं. उन्होंने सिंगर-रैपर बादशाह के साथ अपने रिश्ते और अलगाव को लेकर जानकारी साझा की थी. हालांकि, शो में कनिका के साथ हुई इस बातचीत में ईशा ने सीधे तौर पर बादशाह का नाम नहीं लिया.