Advertisement

Drishyam 3 Announcement: अजय देवगन ने खत्म किया सस्पेंस! 'दृश्यम 3' का पहला पोस्टर रिलीज, जानें कब होगी रिलीज

अजय देवगन ने फिल्म 'दृश्यम 3' का आधिकारिक नाम 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' घोषित करते हुए इसका पहला पोस्टर शेयर किया है. अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Drishyam 3 Announcement
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 24 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 2:55 PM IST

'दृश्यम' की कहानी ने जब से दर्शकों को उलझाया है, तब से विजय सालगांवकर और उसके परिवार की अगली कहानी जानने की उत्सुकता लोगों में बढ़ती जा रही है. अब अजय देवगन ने इस इंतजार को खत्म करते हुए फिल्म के तीसरे पार्ट का नाम और रिलीज डेट दोनों फैंस के आगे रख दिया है. फिल्म का आधिकारिक टाइटल 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' रखा गया है और इसे 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.

अजय देवगन फिर बनेंगे विजय सालगांवकर
तीसरे पार्ट में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे. पिछली दोनों फिल्मों में इसी किरदार ने अपनी फैमिली को बचाने के लिए मुश्किल हालात का सामना किया था. अब तीसरी फिल्म में कहानी किस मोड़ पर पहुंचेगी और विजय के सामने कौन-सी नई परेशानी आएगी, इसे लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है.

पोस्टर में दिखी ये खास बात
24 अगस्त को अजय देवगन ने फिल्म का पहला पोस्टर शेयर करते हुए इसके नाम का खुलासा किया. 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' नाम सामने आने के बाद साफ है कि मेकर्स इस कहानी को एक निर्णायक मोड़ तक ले जाने वाले हैं. पोस्टर पर लिखा है, 'मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है.'

पोस्टर में अजय देवगन का आधा चेहरा दिखाई दे रहा है और उनकी एक आंख पर खास फोकस रखा गया है. अजय ने पोस्टर के साथ लिखा कि हर इंसान का अपना नजरिया होता है और उनके लिए उनका परिवार ही सबसे ऊपर है.

तब्बू और श्रिया सरन भी लौटेंगी
फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू और श्रिया सरन भी अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगी. तब्बू एक बार फिर आईजी मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी के किरदार में वापसी करेंगी. रजत कपूर भी फिल्म का हिस्सा हैं. वहीं प्रकाश राज और जयदीप अहलावत नए किरदारों के साथ कहानी में शामिल हुए हैं.

अभिषेक पाठक के हाथ में निर्देशन
'दृश्यम: द कन्क्लूजन' का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं. फिल्म की कहानी उन्होंने आमिल कीयन खान और परवेज शेख के साथ मिलकर लिखी है. फिल्म को स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज मिलकर बना रहे हैं. इसके निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं.

शूटिंग पूरी, अब पोस्ट-प्रोडक्शन का काम
फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल इसका काम पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में है. ऐसे में अब नजर फिल्म के अगले अपडेट और प्रमोशन पर रहेगी. 

हिंदी 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2015 में हुई थी. इसके बाद 2022 में 'दृश्यम 2' आई और कहानी को आगे बढ़ाया. पहली फिल्म ने दुनियाभर में करीब 110 करोड़ रुपये और दूसरी फिल्म ने करीब 342 करोड़ रुपये का कारोबार किया. अब तीसरे पार्ट के साथ विजय सालगांवकर की कहानी को एक नए और निर्णायक पड़ाव तक पहुंचाने की तैयारी है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement