scorecardresearch

Miss Universe India 2026: जयपुर में सजी सुंदरियों की महफिल! केरल की केजिया लीज मेजो के सिर सजा ताज, सुष्मिता सेन भी रहीं मौजूद

जयपुर में आयोजित 'मिस यूनिवर्स इंडिया 2026' का खिताब केरल की केजिया लीज मेजो ने अपने नाम कर लिया. वैष्णवी गणेश दूसरे और अनुश्री सातवलेकर तीसरे स्थान पर रहीं. विजेता केजिया अब अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

Advertisement
Miss Universe India 2026 Miss Universe India 2026

गुलाबी नगरी जयपुर एक बार फिर देश की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के भव्य ग्रैंड फिनाले का गवाह बना. ग्लैमर, आत्मविश्वास, प्रतिभा और भारतीय संस्कृति से सजे इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर से चुनी गई प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन किया.

केरल की केजिया लीज मेजो बनीं मिस यूनिवर्स इंडिया 2026
ग्रैंड फिनाले में केरल की केजिया लीज मेजो (Kejiah Liz Mejo) ने अपने आत्मविश्वास, प्रभावशाली व्यक्तित्व, बुद्धिमत्ता और मंचीय प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया. वहीं तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश (Vaishnavi Ganesh) दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि गुजरात की अनुश्री सातवलेकर (Anushri Satavlekar) तीसरे स्थान पर रहीं. खिताब जीतने के साथ ही केजिया लीज मेजो अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर होने वाली मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

अलग-अलग राउंड में दिखाया प्रतिभा और आत्मविश्वास
आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से आई प्रतिभागियों ने विभिन्न राउंड में अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, संचार कौशल और भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी समझ दिखाई. प्रतियोगिता में फैशन, सौंदर्य और व्यक्तित्व के साथ प्रतिभागियों की सामाजिक सोच, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को भी खास महत्व दिया गया.

जयपुर में दिखा संस्कृति और आधुनिकता का संगम
जयपुर में हुए इस भव्य समारोह में राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक भारत की नई पहचान एक ही मंच पर नजर आई. फैशन और मनोरंजन जगत से जुड़े विशिष्ट अतिथियों, निर्णायकों, सेलिब्रिटीज, फैशन विशेषज्ञों और गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया.

खिताब जीतने के बाद केजिया ने क्या कहा?
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब जीतने के बाद केजिया लीज मेजो ने कहा, 'यह खिताब मेरे लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है. भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय मंच पर करना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है. मैं इस अवसर के माध्यम से भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की शक्ति को दुनिया के सामने प्रस्तुत करूंगी.'

निखिल आनंद ने बताया प्रतियोगिता का उद्देश्य
मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने कहा कि मिस यूनिवर्स इंडिया का उद्देश्य देश के अलग-अलग क्षेत्रों से प्रतिभाशाली युवतियों को ऐसा राष्ट्रीय मंच देना है, जहां वे अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को दुनिया के सामने रख सकें. उन्होंने कहा कि इस वर्ष का आयोजन इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए और भी व्यापक और भव्य रूप में संपन्न हुआ.

उन्होंने स्थानीय प्रशासन और जयपुरवासियों का भी धन्यवाद किया. निखिल आनंद ने कहा कि मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज जीतने के बाद केजिया लीज मेजो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. देश की उम्मीदों और करोड़ों भारतीयों की शुभकामनाओं के साथ वह मिस यूनिवर्स के वैश्विक मंच पर भारत की सुंदरता, संस्कृति, आत्मविश्वास और विविधता की आवाज बनेंगी. उन्होंने कहा, "हम इस बार मिस यूनिवर्स का ताज भारत जरूर लाएंगे."

ग्रैंड फिनाले की ये रहीं खास बातें
जयपुर में हुए मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में विश्वभर से लगभग 800 फैशन डिजाइनर और डेलीगेट्स शामिल हुए. बॉलीवुड स्टार और पूर्व मिस यूनिवर्स विजेता सुष्मिता सेन भी आयोजन का हिस्सा बनीं. वहीं बॉलीवुड स्टार और दो बार मिस यूनिवर्स इंडिया विजेता रह चुकीं उर्वशी रौतेला भी मौजूद रहीं.

लगभग 25 वर्ष पहले मिस यूनिवर्स की फर्स्ट रनर-अप रह चुकीं बॉलीवुड एक्टर सेलिना जेटली भी कार्यक्रम में शामिल हुईं. मिस यूनिवर्स इंडिया विजेता 2024-2025 रिया सिंघा (Rhea Singha) और मणिका विश्वकर्मा भी आयोजन में मौजूद रहीं.

ग्रैंड फिनाले में देशभर से 52 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. इनमें से केरल की केजिया लीज मेजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का प्रतिष्ठित खिताब जीता. अब विजेता अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

पूरे आयोजन में सौंदर्य, प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति का शानदार संगम देखने को मिला. वहीं फैशन, मनोरंजन और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी ने इस भव्य आयोजन की गरिमा और बढ़ा दी.
 

ये भी पढ़ें