Advertisement

यौन उत्पीड़न मामले में हार्वे वाइंस्टीन को 15 साल की जेल, 2024 में रद्द हुई थी पुरानी सजा

दूसरी बार चले मुकदमे में जूरी ने उन्हें फर्स्ट-डिग्री क्रिमिनल सेक्सुअल एक्ट के मामले में दोषी पाया था. इस अपराध के लिए अधिकतम सजा 25 साल तक हो सकती थी. अदालत ने अब उन्हें 15 साल की सजा सुनाई है.

Harvey Weinstein
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 23 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:50 PM IST
  • यौन अपराध मामले में हार्वे वाइंस्टीन को 15 साल की जेल
  • 2006 में TV प्रोडक्शन असिस्टेंट के यौन उत्पीड़न का मामला

हॉलीवुड के दिग्गज प्रोड्यूसर हार्वे वीनस्टीन को 2006 के यौन अपराध के मामले में 15 साल जेल की सजा सुनाई गई है. यह मामला 2017 में सामने आए #MeToo आंदोलन से जुड़े सबसे चर्चित मामलों में रहा है. वाइंस्टीन की पहली सजा 2024 में न्यूयॉर्क की सर्वोच्च अदालत ने रद्द कर दी थी. इसके बाद मामले में दोबारा सुनवाई हुई और पिछले साल जूरी ने उन्हें फिर दोषी ठहराया.

TV प्रोडक्शन असिस्टेंट के यौन उत्पीड़न का मामला
हार्वे वीनस्टीन पर आरोप के बाद ही #MeToo मूवमेंट चला था. हार्वे वीनस्टीन पर 80 से ज्यादा महिलाओं ने यौन उत्पीड़न करने के आरोप लगाए थे. उन्हें यह सजा मिरियम हेली, जो उस समय टीवी प्रोडक्शन असिस्टेंट थीं, से जुड़े मामले में सुनाई गई है. आरोप के मुताबिक, 2006 में वाइंस्टीन ने मैनहट्टन स्थित अपने अपार्टमेंट में हेली को एक कमरे में धकेला और उनका यौन उत्पीड़न किया.

दूसरी बार चले मुकदमे में जूरी ने उन्हें फर्स्ट-डिग्री क्रिमिनल सेक्सुअल एक्ट के मामले में दोषी पाया था. इस अपराध के लिए अधिकतम सजा 25 साल तक हो सकती थी. अदालत ने अब उन्हें 15 साल की सजा सुनाई है.

2024 में क्यों रद्द हुई थी पहली सजा?
वाइंस्टीन को पहली बार 2020 में दोषी ठहराया गया था और सजा सुनाई गई थी. लेकिन 2024 में न्यूयॉर्क की सर्वोच्च अदालत ने सजा को रद्द करते हुए दोबारा सुनवाई का आदेश दिया. अदालत का कहना था कि मूल मुकदमे में ऐसी दूसरी महिलाओं की गवाही शामिल की गई थी, जिनके आरोप उस मामले का हिस्सा नहीं थे. अदालत ने माना कि इस तरह की गवाही से वाइंस्टीन के खिलाफ मुकदमे की निष्पक्षता प्रभावित हुई थी. इसके बाद मामले की दोबारा सुनवाई हुई और जूरी ने उन्हें फिर दोषी ठहराया.

2017 में पहली बार सार्वजनिक हुए थे आरोप
वाइंस्टीन पर पहली बार 2017 में सार्वजनिक रूप से यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगे थे. इसके बाद उनके खिलाफ कई महिलाओं ने आरोप लगाए और यह मामला #MeToo आंदोलन का प्रमुख हिस्सा बन गया. उन्हें 2018 में गिरफ्तार किया गया था. पहली सजा के बाद से वह छह साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं. उनकी कानूनी लड़ाई इस दौरान लगातार चलती रही.

वाइंस्टीन ने आरोपों से किया इनकार
हार्वे वाइंस्टीन ने लगातार अपने ऊपर लगे बलात्कार और यौन उत्पीड़न के आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना रहा है कि उन्होंने किसी के साथ बलात्कार या यौन हमला नहीं किया. अब न्यूयॉर्क में मिरियम हेली से जुड़े 2006 के मामले में दूसरी बार दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें 15 साल की जेल की सजा मिली है.

ये भी पढ़ें

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement