Don 3 कभी बॉलीवुड की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक मानी जा रही थी. जब 2023 में रणवीर सिंह को नए डॉन के रूप में लॉन्च किया गया, तो इसे फ्रेंचाइजी की नई शुरुआत माना गया. अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान जैसे सितारों के बाद रणवीर का इस किरदार में आना फैंस के लिए किसी एक्साइटमेंट से कम नहीं था.
अचानक सुर्खियों से गायब हुई डॉन 3
फरहान अख्तर के डायरेक्शन में रिलीज हुए स्टाइलिश अनाउंसमेंट वीडियो ने सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा बटोरी. लेकिन शुरुआती चर्चा के बाद फिल्म अचानक सुर्खियों से गायब हो गई. न शूटिंग की अपडेट आई, न रिलीज डेट सामने आई. धीरे-धीरे यह सन्नाटा विवाद में बदल गया.
क्रिएटिव डिफरेंस की खबरें आने लगीं
शुरुआत में कहा गया कि रणवीर सिंह की कुछ फिल्मों के कमजोर बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन का असर प्रोजेक्ट पर पड़ा. लेकिन बाद में रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि असली वजह रणवीर और Excel Entertainment के बीच क्रिएटिव मतभेद थे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक रणवीर फिल्म की लगातार देरी और फाइनल स्क्रिप्ट न होने से नाराज थे. कहा गया कि वह डॉन के किरदार को ज्यादा डार्क और एग्रेसिव अंदाज में दिखाना चाहते थे, जबकि फरहान अख्तर पहले की फिल्मों जैसी स्टाइल और दुनिया को बनाए रखना चाहते थे. मामला तब और बिगड़ गया जब रणवीर को कथित तौर पर यह पता चला कि मेकर्स दूसरे एक्टर्स के विकल्प भी तलाश रहे हैं. इसके कुछ समय बाद उनके फिल्म छोड़ने की खबरें सामने आने लगीं.
विवाद कानूनी लड़ाई तक पहुंचा
जो मामला शुरुआत में सिर्फ प्रोफेशनल मतभेद लग रहा था, वह बाद में बड़ा इंडस्ट्री विवाद बन गया. रिपोर्ट्स के अनुसार Excel Entertainment ने रणवीर सिंह से करीब 40 से 45 करोड़ रुपए के नुकसान की मांग की. दावा किया गया कि प्री-प्रोडक्शन में काफी खर्च हो चुका था. मामला पहले प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया तक पहुंचा और बाद में FWICE के पास गया.
FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने कहा कि फरहान अख्तर और निर्माता रितेश सिधवानी खुद इस मामले को लेकर फेडरेशन के पास पहुंचे थे. उनके मुताबिक फिल्म के लिए विदेशों में लोकेशन रेकी, होटल बुकिंग और 200 से ज्यादा क्रू मेंबर्स की तैयारी पर भारी खर्च किया जा चुका था.
FWICE ने जारी किया नॉन-कोऑपरेशन निर्देश
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब 25 मई को FWICE ने रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन निर्देश जारी कर दिया. संगठन का आरोप था कि रणवीर ने बार-बार बुलाने के बावजूद चर्चा के लिए सामने आने से इनकार किया. अशोक पंडित ने कहा कि जब तक रणवीर खुद इस मामले पर बात नहीं करते, तब तक संगठन से जुड़े कर्मचारी उनके साथ फिल्मों, विज्ञापनों और दूसरे प्रोजेक्ट्स में काम नहीं करेंगे.
हालांकि रणवीर सिंह ने सीधे तौर पर इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. उनकी टीम की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि अभिनेता ने जानबूझकर चुप्पी बनाए रखी है, क्योंकि उनका मानना है कि प्रोफेशनल और निजी रिश्तों को सम्मान और परिपक्वता के साथ संभाला जाना चाहिए. बयान में यह भी कहा गया कि रणवीर आज भी डॉन फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों के लिए सम्मान रखते हैं.
फिलहाल अधर में लटकी है डॉन 3
दिलचस्प बात यह है कि फरहान अख्तर ने कुछ समय पहले ही एक इंटरव्यू में कहा था, 'जब तक चीजें कैमरे पर नहीं आ जातीं, तब तक कुछ भी तय नहीं माना जा सकता.' फिलहाल न रणवीर सिंह और न ही फरहान अख्तर ने पूरे विवाद पर खुलकर बात की है. लेकिन इतना साफ है कि जिस फिल्म को बॉलीवुड का बड़ा इवेंट माना जा रहा था, वही अब इंडस्ट्री के सबसे चर्चित विवादों में शामिल हो चुकी है.