scorecardresearch

'बस 2 लोगों को जोड़ो और लाखों कमाओ'… ऐसे शुरू होता है पिरामिड फ्रॉड का खेल, TVF की नई सीरीज में दिखेगा सच

पिरामिड स्कैम की शुरुआत अक्सर 'जल्दी पैसा कमाने' या 'घर बैठे कमाई' जैसे लालच से होती है. शुरुआत में सब कुछ एक असली बिजनेस जैसा लगता है.

TVF The Pyramid Scheme TVF The Pyramid Scheme

टीवीएफ यानी The Viral Fever एक बार फिर ऐसी कहानी लेकर आ रहा है, जो सीधे आम लोगों की जिंदगी और समाज से जुड़ी है. 'पंचायत', 'गुल्लक' और 'कोटा फैक्ट्री' जैसी सीरीज के बाद अब TVF नई वेब सीरीज द पिरामिड स्कीम (The Pyramid Scheme) लेकर आ रहा है.

यह सीरीज जल्दी पैसा कमाने की महत्वाकांक्षा, लालच और नेटवर्क मार्केटिंग की चमकदार दुनिया के पीछे छिपे खतरे को दिखाएगी. सीरीज का एक्सक्लूसिव प्रीमियर 5 जून 2026 को Prime Video पर हिंदी में होगा.

कौन-कौन से कलाकार आएंगे नजर?
सीरीज में परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. इसके अलावा अंजन श्रीवास्तव, स्मिता बंसल, अल्फिया जाफरी, सुशांत सिंह और इंद्रेश मलिक जैसे कलाकार भी अहम किरदार निभाएंगे.

क्या है 'द पिरामिड स्कीम' की कहानी?
सीरीज की कहानी गोल्डी नाम के एक युवा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो जल्दी अमीर बनने का सपना देखता है. इसी दौरान वह पिरामिड मार्केटिंग की दुनिया में फंस जाता है. शुरुआत में यह दुनिया चमकदार और आसान कमाई वाली लगती है, लेकिन धीरे-धीरे लालच, धोखा और रिश्तों के टूटने का खेल सामने आने लगता है. सीरीज में दिखाया जाएगा कि कैसे कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की चाह कई लोगों को ऐसे जाल में फंसा देती है, जहां से निकलना मुश्किल हो जाता है.

आखिर क्या होता है पिरामिड फ्रॉड?
पिरामिड स्कीम एक ऐसा मॉडल है, जिसमें लोगों को किसी असली प्रोडक्ट या सेवा से ज्यादा नए लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है. यानी अगर कोई व्यक्ति इस स्कीम में शामिल होता है, तो उसे कहा जाता है कि वह अपने नीचे दो या ज्यादा नए सदस्य जोड़े. फिर वे सदस्य भी आगे नए लोगों को जोड़ते हैं. इस तरह लोगों की संख्या पिरामिड की तरह बढ़ती जाती है.

यह स्कीम कैसे करती है काम?
मान लीजिए किसी कंपनी ने आपसे कहा, 10 हजार रुपए लगाइए और दो नए लोगों को जोड़िए. जितने ज्यादा लोग जोड़ेंगे, उतना ज्यादा पैसा मिलेगा. शुरुआत में कुछ लोगों को पैसा मिलता भी है, क्योंकि नीचे से नए सदस्य आते रहते हैं. लेकिन जैसे ही नए लोग जुड़ना बंद होते हैं, पूरा सिस्टम टूटने लगता है. सबसे ज्यादा नुकसान उन लोगों को होता है, जो सबसे आखिर में जुड़ते हैं.

क्यों फंस जाते हैं लोग?
जल्दी अमीर बनने की चाह और सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाने का ट्रेंड लोगों को ऐसे जाल में फंसा देता है. कई बार दोस्त, रिश्तेदार या जान-पहचान वाले ही लोगों को इन स्कीमों में शामिल करते हैं. शुरुआत में कुछ कमाई दिखाकर भरोसा बनाया जाता है, लेकिन बाद में ज्यादातर लोग पैसा गंवा बैठते हैं.

कैसे समझें कि आपके साथ पिरामिड स्कैम हुआ है?

  • अगर कंपनी बार-बार कह रही है कि दो लोगों को जोड़ो, नेटवर्क बढ़ाओ तो सावधान हो जाइए.

  • अगर कोई कंपनी कहे कि एक महीने में पैसा दोगुना या गारंटीड इनकम होगी तो यह खतरे की घंटी हो सकती है.

  • कई पिरामिड स्कीम में शामिल होने के लिए पहले पैसा जमा करवाया जाता है.

  • कंपनी यह ठीक से नहीं बता पा रही कि असली कमाई कहां से हो रही है, तो शक करना जरूरी है.

  • पिरामिड स्कैम में अक्सर लोगों से कहा जाता है कि वे अपने दोस्त, रिश्तेदार और जान-पहचान वालों को जोड़ें.