बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान एक बार फिर भारत के सबसे अमीर अभिनेता बनकर सामने आए हैं. Hurun India Rich List 2026 के मुताबिक शाहरुख खान की अनुमानित कुल संपत्ति करीब 10,000 करोड़ है. हालांकि, पिछले साल के मुकाबले उनकी अनुमानित संपत्ति में करीब 2,490 करोड़ की कमी दर्ज की गई है. 2025 की हुरुन लिस्ट में उनकी संपत्ति 12,490 करोड़ आंकी गई थी. शाहरुख की संपत्ति में सिर्फ फिल्मों से होने वाली कमाई शामिल नहीं है. शाहरुख के नेट वर्थ में उनका बैंक बैलेंस, घर और गाड़ियों के अलावा रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और नाइट राइडर्स फ्रैंचाइज टीमें भी शामिल हैं.
अमिताभ बच्चन की संपत्ति में बड़ा इजाफा
लिस्ट में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन 4,000 करोड़ की अनुमानित संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं. खास बात यह है कि उनकी संपत्ति में पिछले साल के मुकाबले काफी बढ़ोतरी हुई है. 2025 में उनकी अनुमानित संपत्ति करीब 1,630 करोड़ थी. अमिताभ बच्चन ने फैमिली ऑफिस के जरिए कई कंपनियों में निवेश किया गया है. इसके अलावा रियल एस्टेट में भी उनकी संपत्तियां हैं. इन्हीं निवेशों और संपत्तियों का असर उनकी कुल अनुमानित संपत्ति पर दिखाई देता है.
सलमान खान की लिस्ट में एंट्री
सलमान खान इस साल हुरुन की लिस्ट में नए नाम के तौर पर शामिल हुए हैं. उनकी अनुमानित संपत्ति करीब 3,000 करोड़ बताई गई है. सलमान की कमाई में फिल्मों के अलावा ब्रांड एंडोर्समेंट से कमाई होती है. उनके लंबे फिल्मी करियर और ब्रांड वैल्यू को उनकी कुल संपत्ति से जोड़कर देखा जाता है. ऋतिक रोशन करीब 2,500 करोड़ की अनुमानित संपत्ति के साथ लिस्ट में शामिल हैं. 2025 में उनकी संपत्ति करीब 2,160 करोड़ आंकी गई थी. ऋतिक की संपत्ति में उनकी फिटनेस और लाइफस्टाइल ब्रांड HRX का योगदान अहम है.
पिछले साल के दो बड़े नाम इस बार नहीं
हुरुन की 2026 की लिस्ट में कुछ ऐसे नाम भी नहीं हैं, जो पिछले साल इसमें शामिल थे. जूही चावला और करण जौहर इस बार लिस्ट से बाहर हैं. 2025 में जूही चावला की अनुमानित संपत्ति 7,790 करोड़, जबकि करण जौहर की संपत्ति करीब 1,880 करोड़ आंकी गई थी. इस बार उनके नाम लिस्ट में नहीं हैं.
रामायण के प्रोड्यूसर के पिता भी लिस्ट में
इस लिस्ट में एक ऐसा नाम भी है, जो बॉलीवुड स्टार नहीं है. नरेश मल्होत्रा की अनुमानित संपत्ति करीब 16,000 करोड़ बताई गई है. इस तरह उनकी संपत्ति शाहरुख खान समेत लिस्ट में शामिल कई बड़े बॉलीवुड सितारों से ज्यादा है. हालांकि, हुरुन की लिस्ट में संपत्ति का आकलन सिर्फ फिल्मी कमाई के आधार पर नहीं किया जाता, बल्कि कारोबार, निवेश और अन्य संपत्तियों को भी इसमें शामिल किया जाता है.