बिग बॉस 20 का आगाज हो चुका है और इस बार शो में बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम भी नजर आ रही हैं. रिंग में सामने से मुकाबला करने वाली मैरी अब बिग बॉस के घर में रिश्तों, बहस और विवादों का सामना करेंगी. शो में एंट्री से पहले इंडिया टुडे से खास बातचीत में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और पति ओनलर कॉम से जुड़े विवाद पर खुलकर बात की. मैरी ने कहा कि अगर उन्हें बिग बॉस के घर में अपनी कहानी बताने का मौका मिला तो वह अपनी सच्चाई दुनिया के सामने जरूर रखेंगी.
रिंग में सामने से हमला करती हूं, यहां पीछे से होता है
मैरी कॉम ने कहा कि बॉक्सिंग ने उन्हें अनुशासन और मुश्किल परिस्थितियों में डटे रहना सिखाया है. यही आदत बिग बॉस के घर में भी उनके काम आएगी. हालांकि, उन्होंने बॉक्सिंग और बिग बॉस के बीच बड़ा अंतर बताया.
उनके मुताबिक, बॉक्सिंग रिंग में खिलाड़ी सामने से मुकाबला करता है, जबकि बिग बॉस में कई बार लोग पीछे से एक-दूसरे के खिलाफ बातें करते हैं. मैरी ने कहा कि उन्हें इस तरह का व्यवहार पसंद नहीं है. उनका मानना है कि जिंदगी में भी उन्होंने जो कुछ झेला, उसका सामना हमेशा सामने से किया है.
उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार तुरंत तय हो जाती है, लेकिन जिंदगी में अफवाहों और अटकलों के कारण सच्चाई सामने आने में समय लगता है. ऐसे में यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि सही कौन है और गलत कौन.
पति से विवाद पर बोलीं- अपनी कहानी दुनिया को बताना चाहती हूं
मैरी कॉम की निजी जिंदगी पिछले कुछ समय से चर्चा में रही है. उनके और पति ओनलर कॉम के अलग होने की खबरें 2025 में सार्वजनिक हुई थीं. इसके बाद मैरी ने पति पर आर्थिक धोखाधड़ी के आरोप लगाए और कहा था कि उनका भरोसा टूट गया है. वहीं, ओनलर ने इन आरोपों से इनकार करते हुए मैरी पर भी कुछ आरोप लगाए थे.
अब बिग बॉस में मैरी ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखने का संकेत दिया है. मैरी के मुताबिक, 'यह मेरी सच्चाई है, मेरी कहानी है और मैं इसे दुनिया को बताना चाहती हूं.' उन्होंने कहा कि अगर शो में उन्हें अपनी बात रखने का मौका मिला तो वह जरूर अपनी कहानी साझा करेंगी. उनका कहना है कि उन्हें पहले एक गलत छवि में पेश किया गया, जिसकी वजह से उन्हें काफी कुछ सहना पड़ा.
लोगों ने मुझे सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर देखा
मैरी ने कहा कि लोग उन्हें अब तक मुख्य रूप से एक स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी के तौर पर जानते हैं, लेकिन उनकी जिंदगी इससे कहीं ज्यादा है. बिग बॉस के जरिए वह दर्शकों को अपना दूसरा पक्ष दिखाना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि लोग उन्हें सिर्फ बॉक्सिंग रिंग में जीत हासिल करने वाली खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि एक महिला, मां और आम इंसान के रूप में भी समझें.
सलमान खान से भिड़ने का मौका मिला तो?
शो के होस्ट सलमान खान को लेकर भी मैरी ने मजेदार बात कही. उन्होंने बताया कि वह पहले भी सलमान से मिल चुकी हैं और बॉडीगार्ड की शूटिंग के दौरान भी उनकी मुलाकात हुई थी. मैरी ने सलमान को अच्छा इंसान बताते हुए कहा कि वह कई लोगों के लिए प्रेरणा हैं. हालांकि, अगर बिग बॉस में सलमान उनसे बहस करते हैं तो? इस सवाल पर मैरी ने हंसते हुए कहा कि वह उन्हें खुलकर चुनौती देंगी. उन्होंने मजाक में यहां तक कहा कि अगर सलमान तैयार हों तो दोनों अपना छोटा सा बॉक्सिंग गेम भी खेल सकते हैं.
बच्चों को नहीं पता मां बिग बॉस में क्या करेंगी
मैरी के बच्चे उन्हें टीवी पर बॉक्सिंग करते हुए कई बार देख चुके हैं. उनकी जीत पर बच्चे खूब खुश भी होते थे. लेकिन बिग बॉस का अनुभव उनके लिए बिल्कुल नया है. मैरी ने बताया कि बच्चों को शो के नतीजे के बारे में कुछ पता नहीं है, लेकिन वे इस बात से खुश हैं कि उनकी मां टीवी पर दिखाई देंगी.