Advertisement

कंगना ने हनुमान अंश फिल्म को बताया सत्संग, बोलीं- थेरेपी छोड़कर इसे देखने जाइए...

कम स्क्रीन और सिर्फ 10 लाख रुपए की ओपनिंग से शुरू हुआ हनुमान अंश का सफर अब 54 करोड़ रुपए से आगे पहुंच चुका है. ऐसे में कंगना रनौत की तारीफ से फिल्म को एक बार फिर चर्चा मिलने की उम्मीद है.

Kangana Ranaut Praises Hanuman Ansh
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 02 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 5:10 PM IST

नीम करौली बाबा की जिंदगी पर बनी फिल्म हनुमान अंश इन दिनों बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है. महज 2 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 26 दिनों में भारत में 54.13 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर लिया है. अब फिल्म को बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत का सपोर्ट भी मिल गया है. कंगना ने फिल्म देखने के बाद इसकी जमकर तारीफ की और इसे आम फिल्म से अलग बताया.

कंगना बोलीं- ये फिल्म नहीं, सत्संग है
बुधवार को कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर हनुमान अंश का रिव्यू शेयर किया. उन्होंने फिल्म की तारीफ करते हुए लिखा कि हनुमान अंश कोई फिल्म नहीं, बल्कि एक सत्संग है.

कंगना ने लिखा, 'हनुमान अंश सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह एक सत्संग जैसा अनुभव है. इसमें नीम करौली बाबा को प्रत्यक्ष रूप से जानने और उनका अनुभव करने वाले लोगों की छोटी-छोटी कहानियों को बेहद खूबसूरती से पिरोया गया है. अपनी थेरेपी छोड़िए और यह फिल्म देखने जाइए.'

10 लाख की ओपनिंग, अब कलेक्शन 54 करोड़ के पार
हनुमान अंश ने 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी. फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही और पहले दिन इसने महज 10 लाख रुपए का नेट कलेक्शन किया. पहले दो हफ्तों में फिल्म सिर्फ 1.48 करोड़ रुपए ही कमा पाई. हालांकि तीसरे हफ्ते से फिल्म की कमाई ने अचानक रफ्तार पकड़ ली. रिलीज के 17वें दिन फिल्म ने एक दिन में 2.20 करोड़ रुपए कमाए. इसके बाद दर्शकों के पॉजिटिव रिस्पॉन्स और वर्ड ऑफ माउथ पब्लिसिटी का फायदा फिल्म को मिला. तीसरे हफ्ते में ही फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपए का कारोबार किया.

सैक्निल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 26वें दिन फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 54.13 करोड़ रुपए पहुंच गया है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 63.82 करोड़ रुपए बताया जा रहा है.

टॉक्सिक जैसी बड़े बजट की फिल्म को भी पीछे छोड़ा
हनुमान अंश की चर्चा इसलिए भी बढ़ी है क्योंकि कम बजट और सीमित स्क्रीन के बावजूद फिल्म ने बड़े बजट की फिल्म टॉक्सिक को कुछ दिनों की कमाई में पीछे छोड़ दिया. रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 25वें दिन हनुमान अंश ने हिंदी बेल्ट में 5.50 करोड़ रुपए कमाए, जबकि यश स्टारर टॉक्सिक ने अपने छठे दिन हिंदी बेल्ट में 4.40 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था. 26वें दिन भी हनुमान अंश करीब 7,008 शोज पर चल रही थी. वहीं बड़े स्तर पर रिलीज हुई टॉक्सिक के मुकाबले इसके स्क्रीन और शोज काफी कम हैं. इसके बावजूद फिल्म का लगातार बेहतर प्रदर्शन करना बॉक्स ऑफिस पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

क्या है हनुमान अंश की कहानी?
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी हनुमान अंश में शॉभिनाव सत्‍या ने नीम करौली बाबा का किरदार निभाया है. फिल्म में बाबा से जुड़े अनुभवों और उनके भक्तों की कहानियों को केंद्र में रखा गया है. फिल्म में विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे, भगवानदास पटेल, राजीव मिश्रा, मुकेश्वर ओझा, एलेक्स डेनिलोव और नताली पिचास्लावा भी नजर आते हैं.

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement