असम इस साल की सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है. हजारों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं, जबकि अब तक 80 लोगों की जान जा चुकी है. ऐसे मुश्किल समय में बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन ने असम के लोगों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है.
कार्तिक ने मुख्यमंत्री राहत कोष (CM Relief Fund) में 1 करोड़ रुपए का दान दिया है. इससे पहले सलमान खान भी अपने NGO Being Human के जरिए बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आ चुके हैं. वहीं आलिया भट्ट और भूमि पेडनेकर भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से सहायता की अपील कर रही हैं.
कार्तिक आर्यन ने CM Relief Fund में दिए 1 करोड़
असम CMO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि अभिनेता कार्तिक आर्यन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 करोड़ रुपए का योगदान दिया है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी कार्तिक आर्यन का आभार जताते हुए कहा कि उनका यह सहयोग बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने में काफी मददगार साबित होगा. उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में मिला यह समर्थन हजारों जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत लेकर आएगा.
सलमान भी शुरू कर चुके हैं राहत अभियान
कार्तिक आर्यन से पहले अभिनेता सलमान खान भी असम के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आए थे. उन्होंने अपने NGO Being Human और असम के एक फैन क्लब के साथ मिलकर राहत अभियान शुरू किया है.
इस अभियान के पहले चरण में जरूरतमंद लोगों तक खाना पहुंचाया जा रहा है. आने वाले दिनों में कपड़े, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान भी उपलब्ध कराने की योजना है.
आलिया भट्ट और भूमि पेडनेकर भी कर रहीं जागरूक
आलिया भट्ट और भूमि पेडनेकर भी लोगों से मदद की अपील कर रही हैं. दोनों अभिनेत्रियों ने लोगों से अपील की है कि वे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं और राहत अभियानों में आर्थिक या अन्य माध्यमों से सहयोग करें.
असम में अब भी गंभीर बने हुए हैं हालात
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में शिवसागर जिले में डूबने से दो और लोगों की मौत हुई है. इसके साथ ही इस साल बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 80 हो गई है. फिलहाल करीब 2.12 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. सबसे ज्यादा असर चराइदेव जिले में है, जहां लगभग 80 हजार लोग प्रभावित हैं. इसके बाद शिवसागर में 71 हजार से ज्यादा और जोरहाट में करीब 40 हजार लोग बाढ़ की चपेट में हैं.
112 राहत शिविरों में रह रहे हजारों लोग
राज्य सरकार ने प्रभावित इलाकों में 112 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र बनाए हैं. इन शिविरों में 75,583 विस्थापित लोग रह रहे हैं. राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं. सेना, NDRF, SDRF, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस, पुलिस और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत सामग्री पहुंचाने में जुटे हैं.